‘हाईकमान का आदेश सिर आंखों पर’, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद की चर्चा के बीच विजय इंदर सिंगला ने साफ किया रुख

पटियाला: पंजाब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय इंदर सिंगला ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। पटियाला में पत्रकारों से बातचीत में सिंगला ने कहा कि फिलहाल पार्टी की ओर से उन्हें किसी नई जिम्मेदारी को लेकर कोई औपचारिक पत्र नहीं मिला है और न ही उन्हें दिल्ली बुलाया गया है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर पूरी निष्ठा से निभाएंगे
विजय इंदर सिंगला ने कहा कि अगर पार्टी हाईकमान उन्हें कोई भी नई जिम्मेदारी देता है तो वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ही हैं।
सिंगला का यह बयान ऐसे समय आया है जब पंजाब कांग्रेस में सांगठनिक बदलाव और गुटबाजी को खत्म करने के लिए नेतृत्व में परिवर्तन की चर्चाएं तेज हैं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में राजनीतिक संतुलन को लेकर भी लगातार चर्चा चल रही है।
नशे के मुद्दे पर केंद्र सरकार से पूछा सवाल
राज्य में नशे के मुद्दे पर विजय इंदर सिंगला ने केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने नशे को पूरी तरह खत्म करने के लिए तय की गई समयसीमा पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष 2007 से 2017 के दौरान पंजाब में सरकार रहने के बावजूद नशे की समस्या खत्म नहीं हो सकी थी।
सिंगला ने सवाल उठाया कि जब उस अवधि में नशे की समस्या का समाधान नहीं हो सका तो अब इसे पूरी तरह खत्म करने के दावों का ठोस आधार क्या है।
ड्रोन गतिविधियों को लेकर केंद्र को घेरा
सीमा सुरक्षा और ड्रोन गतिविधियों के मुद्दे पर भी सिंगला ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा बल का अधिकार क्षेत्र 15 किलोमीटर से बढ़ाकर 50 किलोमीटर तक किया गया है।
उन्होंने कहा कि अधिकार क्षेत्र बढ़ाए जाने के बावजूद सीमा पार से होने वाली ड्रोन घुसपैठ और अवांछित गतिविधियों में कोई कमी दर्ज नहीं की गई है। सिंगला ने सवाल किया कि जब सुरक्षा बल का अधिकार क्षेत्र बढ़ाया गया है तो इसके बाद भी सुरक्षा व्यवस्था में ऐसी चूक क्यों बनी हुई है।



