असम में हिमंता सरकार 2.0 की शुरुआत आज, पीएम मोदी और अमित शाह की मौजूदगी में दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे हिमंता बिस्वा सरमा

दिसपुर: असम की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हिमंता बिस्वा सरमा मंगलवार सुबह 11:40 बजे दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्य में एनडीए लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रहा है और इस बार भी हिमंता सरमा के नेतृत्व में गठबंधन ने प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए सत्ता में वापसी की है। शपथ ग्रहण समारोह गुवाहाटी के खानापारा में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और एनडीए के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
126 सदस्यीय असम विधानसभा में एनडीए गठबंधन ने 102 सीटों पर जीत दर्ज कर बड़ी राजनीतिक बढ़त हासिल की है। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य मुख्यमंत्री और नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
चार नए चेहरे भी बनेंगे मंत्री
मुख्यमंत्री पद के लिए चुने गए हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार को उन चार विधायकों के नामों का ऐलान किया, जो उनके साथ मंत्री पद की शपथ लेंगे। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली, असम गण परिषद के अध्यक्ष अतुल बोरा, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के नेता चरण बोरो और भाजपा की वरिष्ठ नेता अजंता नेओग शामिल हैं।
इसके साथ ही वरिष्ठ भाजपा विधायक रंजीत दास को असम विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए एनडीए का उम्मीदवार बनाया गया है। इस संबंध में जानकारी हिमंता सरमा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की।
सोशल मीडिया पोस्ट में जताई खुशी
हिमंता बिस्वा सरमा ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि उन्हें बेहद खुशी है कि उनके चार सहयोगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में उनके साथ मंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्होंने सभी नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि नई टीम पूरी निष्ठा के साथ एक मजबूत, विकसित और समृद्ध असम के निर्माण के लिए काम करेगी।
सरमा ने अपने संदेश में रंजीत दास को विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार बनाए जाने की भी घोषणा की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
देशभर के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में होगा कार्यक्रम
असम की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। गुवाहाटी के खानापारा में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह के अलावा देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्री और एनडीए के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इसे पूर्वोत्तर में बीजेपी की मजबूत राजनीतिक पकड़ के प्रतीक के तौर पर भी देखा जा रहा है।
पीएम मोदी और जनता का जताया आभार
बीजेपी विधायक दल और एनडीए विधायक दल के निर्वाचित नेता हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और आशीर्वाद की बदौलत एनडीए को लगातार तीसरी बार असम में सरकार बनाने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास के नाम पर गठबंधन को समर्थन दिया है और आने वाले पांच वर्षों में सरकार विकास कार्यों को और तेज करेगी।
सरमा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य की जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।



