राष्ट्रीय

यवतमाल के मेले में खौफनाक हादसा, तेज रफ्तार झूले में फंसे महिला के बाल; सिर में आई गंभीर चोट

यवतमाल: महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के महागांव में तान्हा पोला त्योहार के मौके पर लगे मेले में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां जायंट व्हील में झूला झूल रही 25 वर्षीय महिला के बाल सीट के पीछे लगे हिस्से में फंस गए। झूला तेज गति से घूम रहा था, जिसके चलते महिला के बाल लगातार खिंचते चले गए और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद महिला की चीख सुनते ही मेले में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और झूले को बंद कराया। इसके बाद काफी मशक्कत कर महिला को झूले से बाहर निकाला गया।

25 वर्षीय महिला अस्पताल में भर्ती

पीड़िता की पहचान फुलसावंगी निवासी 25 वर्षीय बली मारोती तालीकोटे के रूप में हुई है। हादसे के बाद उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। महिला की चोटें गंभीर बताई जा रही हैं।

त्योहार के मौके पर मेले में जुटी थी भारी भीड़

महागांव में तान्हा पोला त्योहार के अवसर पर पुणेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। त्योहार को लेकर मंदिर के आसपास मेले का आयोजन किया गया था, जहां जायंट व्हील समेत कई तरह के झूले लगाए गए थे।

इसी मेले में महिला जायंट व्हील पर सवार हुई थी। बताया जा रहा है कि झूला तेज रफ्तार से घूम रहा था। इसी दौरान उसके बाल सीट के पीछे लगे बेयरिंग में फंस गए। झूले की गति के कारण बाल खिंचते चले गए, जिससे महिला के सिर में गंभीर चोटें आईं।

झूला बंद कर पुलिस ने महिला को बाहर निकाला

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायंट व्हील को बंद कराया। इसके बाद महिला को झूले से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद मेले में लगे झूलों की सुरक्षा व्यवस्था और उनके संचालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। माना जा रहा है कि पुलिस घटना से जुड़े सुरक्षा इंतजामों की भी जांच कर सकती है।

Related Articles

Back to top button