राष्ट्रीय

UNSC में भारत का करारा जवाब! पाकिस्तान-चीन की कोशिश नाकाम, कहा- जम्मू-कश्मीर था, है और रहेगा भारत का अभिन्न हिस्सा

नई दिल्ली: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक बार फिर जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाने की पाकिस्तान और चीन की कोशिशों को भारत ने सख्ती से खारिज कर दिया। भारत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जम्मू-कश्मीर उसका आंतरिक मामला है और इस विषय में किसी भी बाहरी पक्ष की कोई भूमिका नहीं हो सकती। भारत ने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर पहले भी भारत का अभिन्न हिस्सा था, आज भी है और भविष्य में भी भारत का ही रहेगा।

UNSC की बैठक में भारत का स्पष्ट रुख

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में आयोजित अरिया फॉर्मूला बैठक के दौरान पाकिस्तान ने एक बार फिर जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाने का प्रयास किया। इस पर भारत की ओर से कड़ा जवाब देते हुए संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को लेकर भारत की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट और अटल है। उन्होंने कहा कि यह विषय भारत के संप्रभु अधिकार क्षेत्र से जुड़ा हुआ है और इसमें किसी बाहरी हस्तक्षेप की कोई गुंजाइश नहीं है।

पुराने प्रस्तावों की प्रासंगिकता पर भी उठाए सवाल

बैठक के दौरान भारत ने सुरक्षा परिषद के पुराने प्रस्तावों और मध्यस्थता तंत्रों की उपयोगिता पर भी सवाल खड़े किए। भारत का कहना था कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां समय के साथ बदलती रहती हैं, इसलिए वैश्विक संस्थाओं के प्रस्तावों और तंत्रों की भी समय-समय पर समीक्षा आवश्यक है।

पी. हरीश ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय-6 के तहत स्थापित मध्यस्थता व्यवस्थाएं स्थायी नहीं मानी जा सकतीं। बदलते वैश्विक परिदृश्य में उनकी प्रभावशीलता और प्रासंगिकता का मूल्यांकन किया जाना चाहिए।

UN80 पहल का भी किया उल्लेख

भारत ने बैठक में यह भी कहा कि जब संयुक्त राष्ट्र महासभा के जनादेशों की समीक्षा के लिए UN80 पहल के तहत व्यापक प्रक्रिया चल रही है, तो सुरक्षा परिषद के जनादेशों और प्रस्तावों की भी उसी गंभीरता के साथ समीक्षा होनी चाहिए।

कश्मीर मुद्दे पर फिर बेअसर रही पाकिस्तान की कोशिश

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाने की पाकिस्तान की रणनीति को भारत ने एक बार फिर खारिज कर दिया। भारत ने स्पष्ट कर दिया कि जम्मू-कश्मीर से जुड़ा मामला पूरी तरह देश का आंतरिक विषय है और इस पर उसका रुख किसी भी परिस्थिति में बदलने वाला नहीं है। भारत के इस स्पष्ट और दो टूक संदेश ने सुरक्षा परिषद की बैठक में पाकिस्तान और चीन की कोशिशों को प्रभावहीन कर दिया।

Related Articles

Back to top button