Jharkhand Heatwave Alert: झारखंड में आसमान से बरस रही आग, कई जिलों में 43°C तक पहुंचा पारा; लू से हालात गंभीर, अस्पतालों में बढ़े मरीज

रांची। झारखंड में गर्मी ने इस समय अपने तेवर बेहद तीखे कर दिए हैं। बुधवार को राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को दिन के समय घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया है।
कई जिलों में 43 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
राज्य में सबसे अधिक तापमान पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पलामू में 42.8 डिग्री, पश्चिमी सिंहभूम में 42.2 डिग्री और गोड्डा व बोकारो में 41.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। लगभग आधा दर्जन जिलों में पारा 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।
सुबह 10 बजे से ही झुलसाने लग रही धूप
हालात ऐसे हैं कि सुबह 10 बजे के बाद ही गर्मी तेज हो जा रही है। कई इलाकों में सुबह के समय ही तापमान 40 डिग्री तक पहुंच रहा है। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पाकुड़ में 40.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। अन्य जिलों में भी तापमान 33 से 39 डिग्री के बीच बना हुआ है।
लू से बढ़ी परेशानी, अस्पतालों में मरीजों की भीड़
राजधानी रांची समेत कई जिलों में लू का असर साफ दिख रहा है। सदर अस्पताल में हर दिन 350 से 400 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या लू से प्रभावित मरीजों की है। मरीजों में चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, तेज बुखार, कमजोरी और शरीर में पानी की कमी जैसे लक्षण देखने को मिल रहे हैं।
लू के लिए अलग वार्ड की व्यवस्था
बढ़ते मामलों को देखते हुए सदर अस्पताल में लू प्रभावित मरीजों के लिए अलग वार्ड तैयार किया गया है। इस वार्ड में विशेष निगरानी के साथ मरीजों का इलाज किया जा रहा है। मेडिसिन विभाग में भी अतिरिक्त बेड आरक्षित किए गए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। सिविल सर्जन ने कहा है कि यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को ढककर रखें, हल्के सूती कपड़े पहनें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। साथ ही नींबू पानी, ओआरएस, छाछ और नारियल पानी जैसे तरल पदार्थों के सेवन की सलाह दी गई है।



