‘कल्याणी का फोन आया था, मिलने गया सिप्पी… फिर आई बेटे की हत्या की खबर’, CBI कोर्ट में मां ने सुनाई पूरी कहानी

चंडीगढ़: 11 साल पुराने चर्चित सिप्पी सिद्धू हत्याकांड में बुधवार को उनकी मां दीपिंदर कौर ने सीबीआई कोर्ट में गवाही दी। गवाही के दौरान वह भावुक हो गईं और रोते हुए जज की बेटी कल्याणी सिंह के खिलाफ अपने बयान दर्ज कराए। दीपिंदर कौर ने सीबीआई को पहले दिए गए बयानों को सही बताते हुए कहा कि वह उन पर कायम हैं। अब कल्याणी सिंह के वकील उनकी गवाही का जिरह के दौरान परीक्षण करेंगे।
‘कल्याणी का फोन आया, पार्क में मिलने गया था सिप्पी’
दीपिंदर कौर ने अदालत में बताया कि 20 सितंबर 2015 की शाम करीब साढ़े सात बजे सिप्पी घर से यह कहकर निकला था कि कल्याणी का फोन आया है और वह उसे सेक्टर-27 के पार्क में मिलने के लिए बुला रही है।
उन्होंने बताया कि देर रात तक सिप्पी घर वापस नहीं आया तो उन्होंने उसे फोन किया। फोन किसी महिला पुलिसकर्मी ने उठाया और उन्हें बताया कि सिप्पी की हत्या कर दी गई है।
मां ने कल्याणी पर लगाए गंभीर आरोप
दीपिंदर कौर ने अपनी गवाही में कहा कि कल्याणी के परिवार की इच्छा थी कि उसकी शादी सिप्पी से हो। उन्होंने बताया कि परिवार ने यह रिश्ता स्वीकार नहीं किया था। उनके मुताबिक, एक समय कल्याणी के पिता ने अपनी पगड़ी तक उनके पैरों में रख दी थी।
दीपिंदर कौर ने यह भी कहा कि सिप्पी का किसी महिला मित्र से बातचीत करना कल्याणी को पसंद नहीं था। वहीं, सिप्पी कल्याणी से शादी करने के लिए तैयार नहीं था।
मां ने आरोप लगाया कि इसी वजह से बदले की भावना में कल्याणी ने शूटर भेजकर सिप्पी की हत्या करवा दी।
20 सितंबर 2015 को पार्क में मारी गई थी गोली
सिप्पी सिद्धू की 20 सितंबर 2015 को चंडीगढ़ के सेक्टर-27 स्थित पार्क में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के अधिवक्ता होने के साथ राष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज भी थे।
इस चर्चित हत्याकांड की जांच सीबीआई ने कई वर्षों तक की। जांच के बाद वर्ष 2022 में सीबीआई ने सिप्पी की दोस्त और सेवानिवृत्त हाईकोर्ट जज की बेटी कल्याणी सिंह को गिरफ्तार किया था।
सीबीआई ने बदले की नीयत से हत्या का लगाया आरोप
सीबीआई का आरोप है कि कल्याणी सिंह ने बदला लेने की नीयत से सिप्पी की गोली मारकर हत्या करवाई थी। हालांकि गिरफ्तारी के करीब तीन महीने बाद ही कल्याणी सिंह को जमानत मिल गई थी।
मामले की सुनवाई के दौरान अब सिप्पी की मां की गवाही सामने आई है, जिसमें उन्होंने अदालत के समक्ष घटना से जुड़े घटनाक्रम और कल्याणी सिंह पर लगाए गए अपने आरोपों को दोहराया है।



