
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया है कि तृणमूल कांग्रेस दो तिहाई बहुमत के साथ चौथी बार सत्ता में आने जा रही है. सीएम ने अपने मताधिकार का प्रयोग करने के बाद पोलिंग बूथ से बाहर आने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही. इस दौरान भवानीपुर की उम्मीदवार ममता बनर्जी ने चुनावी माहौल को लेकर गंभीर आरोप भी लगाए हैं. ममता बनर्जी ने वोटिंग में सुरक्षा बलों की तैनाती पर कहा- ‘इन्हें सीमा की रक्षा करनी चाहिए, लेकिन इसकी जगह वे एक राजनीतिक दल की रक्षा कर रहे हैं। क्या यह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव है?’
ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य में चुनाव के दौरान हालात बेहद खराब हैं. उनके मुताबिक, केंद्रीय बलों और पर्यवेक्षकों पर लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप हैं. उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों तक को नहीं छोड़ा गया और कई पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है.
मुख्यमंत्री ने इसे लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बताते हुए कहा कि उन्होंने पहले कभी ऐसी स्थिति नहीं देखी, जहां सुरक्षा बलों पर राजनीतिक पक्षपात के आरोप लग रहे हों. उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा बलों का काम सीमा की रक्षा करना है, न कि चुनाव में हस्तक्षेप करना. ममता बनर्जी ने आरोपों के बीच भरोसा जताया कि उनकी पार्टी जनता के समर्थन से जीत हासिल करेगी और स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाएगी.



