Meerut Crime News : म्यूल खाता खुलवाकर साइबर फ्रॉड करने वाले दो ठग गिरफ्तार
रिश्तेदारों के खातों में मंगवाते थे साइबर ठगी की रकम
Meerut Crime News : थाना लोहियानगर एवं साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में म्यूल खाते खुलवाकर साइबर फ्रॉड के पैसे हस्तांतरित करने वाले दो साइबर ठगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी में प्रयुक्त मोबाइल बरामद किया है।
विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की कुल पांच शिकायतें
पुलिस के मुताबिक 6 मई 2026 को थाना लोहियानगर पुलिस एवं साइबर सेल द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पुलिस मुख्यालय से साइबर अपराध में शामिल म्यूल खातों की जांच हेतु प्राप्त खाता के सम्बन्ध में NCCRP Portal से विवरण प्राप्त किया गया। जांच के दौरान उक्त खाते के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की कुल पांच शिकायतें दर्ज पायी गयीं। खाता और खाता धारक आसमा पत्नी मौ0 इरशाद निवासी सौहेल गार्डन 100 फुटा रोड मेरठ के नाम से पंजीकृत पाया गया। जो उक्त साइबर ठगी की शिकायतों में संलिप्त मिला। शिकायतकर्ताओं में गुजरात, महाराष्ट्र एवं तमिलनाडु राज्यों के पीड़ित सम्मिलित हैं। थाना लोहियानगर पुलिस एवं साइबर सेल द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की गयी।
परिचितों को लालच देकर उनके बैंक खाते खुलवाते थे
पुलिस टीम द्वारा इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से अभियुक्त विजयकांत निर्मल उर्फ निक्की पुत्र पन्नालाल निवासी नई गोविन्दपुरी थाना कंकरखेड़ा मेरठ तथा मौ0 दिलशाद पुत्र अनवर निवासी सौ फुटा रोड सौहेल गार्डन बजोट थाना लोहियानगर मेरठ को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के कब्जे से ठगी में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
विभिन्न राज्यों से लगभग 58 लाख रुपये खातों में डलवाये जाने की जानकारी
पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि वे अपने परिचितों को लालच देकर उनके बैंक खाते खुलवाते थे तथा अज्ञात व्यक्तियों के माध्यम से ट्रेडिंग/इन्वेस्टमेंट के नाम पर लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाकर ठगी की धनराशि इन खातों में मंगवाते थे। बाद में उक्त धनराशि को अन्य खातों में ट्रांसफर कर निकाल लिया जाता था। अभियुक्तों द्वारा साइबर फ्रॉड के माध्यम से विभिन्न राज्यों से लगभग 58 लाख रुपये खातों में डलवाये जाने की जानकारी प्राप्त हुई है।



