मेरठ नौचंदी मेला: मनचलों की गतिविधियों पर होगी पुलिस की नजर
मेरठ एसपी सिटी विनायक भोसले ने किया मेरठ मेला नौचंदी का औचक निरीक्षण
मेरठ नौचंदी मेला न्यूज : जनपद मेरठ में लगने वाले नौचंदी मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मेरठ एसपी सिटी विनायक भोसले ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी सिटी ने थाना नौचंदी क्षेत्र में संचालित होने वाले प्रसिद्ध नौचंदी मेले में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए जाने के निर्देश दिए। एसएसपी मेरठ अविनाश पांडे के निर्देशन में एसपी सिटी ने प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस बल के साथ मेला नौचंदी का औचक निरीक्षण किया।
मेला की सुरक्षा व्यवस्था जांची
निरीक्षण के दौरान मेले में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। इस अवसर पर उपस्थित दुकानदारों एवं आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा जरूरी
एसपी सिटी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में आने वाले नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित हों, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अभद्रता, मनचलों और छेड़खानी की घटनाओं पर लगाम
इसके अतिरिक्त स्पष्ट रूप से निर्देश दिए गए कि मेले में किसी भी प्रकार की अभद्रता, मनचलों की गतिविधियों अथवा छेड़खानी जैसी घटनाओं पर पूर्णतः अंकुश लगाया जाए तथा ऐसे कृत्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि नौचंदी मेले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जायेगा तथा सतत निगरानी रखते हुए सकुशल मेला सम्पन्न कराया जायेगा।



