
रोडवेज बस में सफर कर जनता के बीच पहुंचे मंत्री संजीव गोंड़, रेणुकूट दौरे में सुनीं लोगों की समस्याएं
सोनभद्र: उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री और ओबरा विधायक संजीव गोंड़ ने बुधवार को अलग अंदाज में जनसंपर्क करते हुए रोडवेज बस से यात्रा की। डाला से अनपरा तक बस में सफर कर उन्होंने आम लोगों और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। रेणुकूट पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
राज्यमंत्री संजीव गोंड़ ने अपने दौरे के दौरान आम यात्रियों के बीच बैठकर उनकी समस्याओं और भावनाओं को समझने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश कई चुनौतियों और संकटों के दौर से गुजर रहा है, ऐसे में जनप्रतिनिधियों का जनता के बीच रहना बेहद जरूरी है।
जनता के बीच रहकर समझी समस्याएं
पत्रकारों से बातचीत में संजीव गोंड़ ने कहा कि उन्हें बुधवार को क्षेत्रीय भ्रमण के तहत रेणुकूट और अनपरा जाना था। इसी वजह से उन्होंने सरकारी बस से यात्रा करने का फैसला लिया, ताकि आम नागरिकों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को करीब से समझा जा सके।
उन्होंने कहा कि बस यात्रा के दौरान लोगों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला और कई स्थानीय मुद्दों की जानकारी भी मिली। मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को समय-समय पर जनता के बीच जाकर उनकी वास्तविक परेशानियों को समझना चाहिए।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
रेणुकूट बस स्टैंड पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष हरिराम शाह, चांद प्रकाश जैन, राकेश पांडेय, प्रदीप सिंह रानू, सुनील दुबे और राज वर्मा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



