मध्य प्रदेशराज्य

MP: ग्वालियर में कांवड़ियों पर हमला, सरिए-हथौड़ों से पीटा; 20 आरोपियों पर केस, दो युवक गंभीर

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे युवकों पर हमले के बाद देर रात जमकर हंगामा हुआ। किला गेट थाना क्षेत्र के घासमंडी इलाके में बाइक और कार के टकराने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के 8 से 10 युवकों ने कांवड़ियों पर लाठी-डंडों, सरिए और हथौड़ों से हमला कर दिया। इस हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात ग्वालियर से 4-5 युवक बाइक से हरिद्वार कांवड़ लेने के लिए रवाना हुए थे। घासमंडी इलाके में उनकी बाइक एक कार से टकरा गई। कार में अरशद खान, गोलू और अकील खान समेत अन्य युवक सवार बताए जा रहे हैं। वाहन के टकराने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

विवाद के दौरान 24 वर्षीय विवेक यादव के हाथ में चोट लग गई। इसके बाद मामला और बढ़ गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के युवकों ने एकजुट होकर कांवड़ियों पर हमला कर दिया। इस दौरान लाठी-डंडों के साथ सरिए और हथौड़ों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है। मारपीट में विवेक यादव और शुभम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस कार्रवाई में देरी से नाराजगी

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना किला गेट थाना क्षेत्र में हुई थी और बहोड़ापुर थाना भी घटनास्थल के नजदीक है। ऐसे में शुरुआती स्तर पर दोनों थानों की पुलिस के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही।

पुलिस की कार्रवाई से नाराज कांवड़ियों के साथियों और हिंदू संगठनों के लोगों ने बहोड़ापुर थाने के बाहर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने करीब 2 से 3 घंटे तक चक्काजाम किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। चक्काजाम के कारण इलाके में यातायात प्रभावित रहा।

स्थिति को देखते हुए पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल मौके पर बुलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी वहां पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। इसके बाद देर रात प्रदर्शन समाप्त हुआ और सड़क पर लगा जाम खुल सका।

20 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए अरशद खान, गोलू और अकील खान समेत 14 नामजद लोगों और कुल 20 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर हत्या के प्रयास, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button