
प्रेमी संग मिलकर सौतेली मां की हत्या, सिर धड़ से अलग कर बोरे में भरकर नहर किनारे फेंका; दो हिरासत में
रुड़की: मेरठ निवासी एक युवती पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर सौतेली मां की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद महिला का सिर धड़ से अलग किया गया और शव को बोरे में बंद करके मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में नहर किनारे फेंक दिया गया। मंगलवार को सिंचाई विभाग के कार्यालय के सामने महिला का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने युवती और उसके प्रेमी को हिरासत में लिया है। पूरे मामले का खुलासा पुलिस बुधवार को करेगी।
लोगों ने मंगलौर में नहर किनारे महिला का शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ साक्ष्य जुटाए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या उसकी सौतेली बेटी उन्नति ने अपने प्रेमी आशीष चौहान के साथ मिलकर की। पुलिस के अनुसार, वारदात को कार के अंदर अंजाम दिया गया।
हत्या के बाद शव बोरे में भरकर नहर किनारे फेंका
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने महिला के शव को बोरे में रखा और मंगलौर नहर पुल के पास ठिकाने लगा दिया। इसके बाद दोनों आरोपी पहाड़ की ओर फरार हो गए। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
एसपी देहात शेखर चन्द्र सुयाल ने बताया कि पुलिस हत्या की वजह का पता लगाने में जुटी है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर घटना के पीछे की परिस्थितियों और हत्या के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
दो कांवड़ियों की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज
रुड़की के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में रविवार शाम झिलमिल होटल के पास बुलेट और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा शाम करीब पांच से छह बजे के बीच हुआ था। दोनों युवक हरिद्वार से जल लेने जा रहे थे।
ग्राम किवाना, शामली निवासी राजदीप मलिक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका छोटा भाई संदीप मलिक बाइक से गांव के विपिन पुत्र राजपाल के साथ हरिद्वार जा रहा था। झिलमिल होटल के पास सामने से आ रही बुलेट ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में संदीप और विपिन की मौके पर ही मौत हो गई।
तहरीर के मुताबिक, घटना को गांव के दो कांवड़ियों सचिन मलिक और अमरपाल मलिक ने देखा था। पुलिस ने दोनों वाहनों को घटनास्थल से बरामद कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कलियर में ऊंचाई से गिरकर मजदूर की मौत
कलियर में दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स की तैयारियों के दौरान सोमवार को एक मजदूर की ऊंचाई से गिरने से मौत हो गई। पार्किंग स्थल पर जर्मन हैंगर लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान हैंगर के गेट पर काम कर रहे 38 वर्षीय रामचंद्र का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।
रामचंद्र रघुनाथ खेड़ा, थाना बछरावां, जिला रायबरेली का निवासी था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि जर्मन हैंगर पर काम करने वाले मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। इससे काम के दौरान मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



