मध्य प्रदेश

नरसिंहपुर जैन मंदिर चोरी का खुलासा, Google Lens से एंटीक मूर्तियां पहचानने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

नरसिंहपुर: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के करेली थाना क्षेत्र स्थित सिंगोरिया जैन मंदिर से प्राचीन मूर्तियों की चोरी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर गूगल लेंस की मदद से मूर्तियों की धातु और उनकी संभावित कीमत की जानकारी जुटाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस के मुताबिक, सिंगोरिया जैन मंदिर से सौ वर्ष से अधिक पुरानी बहुमूल्य अष्टधातु और प्राचीन मूर्तियां चोरी होने के बाद जैन समाज और श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी थी। बीते 15 दिनों के दौरान क्षेत्र के तीन अलग-अलग धार्मिक स्थलों पर चोरी की घटनाएं सामने आने से पुलिस पर मामले के जल्द खुलासे का दबाव भी बढ़ गया था।

संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपी गिरफ्तार

संवेदनशील मामले को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा ने स्वयं जांच की निगरानी की। करेली, गाडरवारा और पलोहा-तेन्दूखेड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने लगातार जांच और सुराग जुटाने के बाद चारों आरोपियों को गाडरवारा के निरंजन वार्ड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है।

गूगल लेंस से जुटाते थे मूर्तियों की जानकारी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी से पहले स्मार्टफोन में गूगल लेंस का इस्तेमाल कर मूर्तियों की धातु और उनकी संभावित कीमत का पता लगाने का प्रयास करते थे। कथित तौर पर वे मूर्तियों को स्कैन कर यह जानकारी हासिल करते थे कि कौन-सी मूर्ति अधिक मूल्यवान और प्राचीन है, ताकि उसी के अनुसार उसे निशाना बनाया जा सके।

आरोपियों का निकाला गया पैदल जुलूस

मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों का गाडरवारा शहर में पैदल जुलूस निकाला। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश देना है कि ऐसे मामलों में कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button