असम में लगातार तीसरी बार NDA सरकार, 12 मई को होगा भव्य शपथ ग्रहण; प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में हिमंता सरमा फिर संभाल सकते हैं कमान

असम में विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज करने के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रहा है। राज्य की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को गुवाहाटी में आयोजित होगा। असम के मुख्य सचिव रवि कोटा ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है। नई सरकार के गठन को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, हिमंता बिस्वा सरमा एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। हालांकि मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।
शपथ ग्रहण को लेकर हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
राज्य सरकार की ओर से शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव रवि कोटा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस महानिदेशक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, वीआईपी प्रोटोकॉल और कार्यक्रम के समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन का फोकस इस बड़े राजनीतिक आयोजन को सुचारु और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने पर है।
इस बीच मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। हालांकि राज्यपाल ने उन्हें नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए हैं।
गुवाहाटी के खानापारा में होगा भव्य आयोजन
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटिनरी फील्ड में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर भाजपा संगठन और राज्य प्रशासन दोनों स्तर पर व्यापक तैयारियां चल रही हैं।
मुख्य सचिव रवि कोटा ने बताया कि समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी तय मानी जा रही है। इसके अलावा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। उद्योग जगत से जुड़े कई प्रमुख प्रतिनिधियों के शामिल होने की भी चर्चा है।
102 सीटों के साथ NDA ने रचा इतिहास
असम विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 126 में से 102 सीटों पर जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ गठबंधन ने राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर राजनीतिक इतिहास रच दिया है।
भाजपा संसदीय दल के नेता के चयन के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को पर्यवेक्षक और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सह-पर्यवेक्षक बनाकर असम भेजा गया था। चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगी दलों के प्रदर्शन को पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है।
असम के अलावा अन्य राज्यों में भी भाजपा को विधानसभा चुनावों में सकारात्मक परिणाम मिले हैं। पार्टी इस जीत को आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से बेहद अहम मान रही है।



