पाकिस्तान में महंगाई का नया झटका, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में फिर बड़ी बढ़ोतरी, अब रोज तय होंगे ईंधन के दाम

नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के बीच पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। नई अधिसूचना के अनुसार बढ़ी हुई दरें 23 जुलाई, गुरुवार से पूरे देश में लागू हो गई हैं।
इतनी बढ़ीं पेट्रोल और डीजल की कीमतें
पेट्रोलियम प्रभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक पेट्रोल की कीमत में 6.39 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है, जबकि हाई-स्पीड डीजल के दाम 7.83 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं। संशोधित दरों के बाद पेट्रोल की कीमत 327.12 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल की कीमत 375.04 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
दैनिक आधार पर तय होंगे ईंधन के दाम
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव को देखते हुए पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने घोषणा की है कि अब देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें दैनिक आधार पर तय की जाएंगी। इसके लिए तेल एवं गैस नियामक प्राधिकरण को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
आम जनता पर बढ़ेगा महंगाई का बोझ
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ने की आशंका है। पेट्रोल का उपयोग मुख्य रूप से दोपहिया वाहनों, ऑटो-रिक्शा और निजी वाहनों में होता है, जिससे मध्यम और निम्न-मध्यम वर्ग का मासिक बजट प्रभावित हो सकता है। वहीं हाई-स्पीड डीजल का इस्तेमाल भारी वाहनों, पावर प्लांटों और बड़े जनरेटरों में होने के कारण माल ढुलाई की लागत बढ़ने और महंगाई पर अतिरिक्त दबाव बनने की संभावना जताई जा रही है।



