PM मोदी ने जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाची को क्यों कहा ‘छोटी बहन’? सामने आई भावुक मुलाकात की कहानी

नई दिल्ली: 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के बाद आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाची को सार्वजनिक मंच से अपनी “छोटी बहन” कहकर संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी के इस आत्मीय संबोधन के पीछे दोनों नेताओं के बीच हुई एक भावनात्मक बातचीत की कहानी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि हैदराबाद हाउस में हुई द्विपक्षीय बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच दिवंगत जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे को लेकर चर्चा हुई। इसी बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सानाए ताकाची को अपनी “छोटी बहन” कहकर संबोधित किया।
हैदराबाद हाउस में हुई भावुक बातचीत
बैठक से जुड़ी जानकारी रखने वाले अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री सानाए ताकाची ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा कि वह जापान के दिवंगत प्रधानमंत्री शिंजो आबे को अपने बड़े भाई की तरह मानती थीं। उन्होंने बताया कि शिंजो आबे उनके लिए प्रेरणा स्रोत थे और उनके प्रति उनके मन में गहरा सम्मान था।
ताकाची ने यह भी कहा कि शिंजो आबे के मन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भी विशेष स्नेह और सम्मान था। उन्होंने इसी भावनात्मक रिश्ते का उल्लेख करते हुए कहा कि वह अब प्रधानमंत्री मोदी को भी अपने बड़े भाई के रूप में देखती हैं।
शिंजो आबे से जुड़ा है दोनों नेताओं का भावनात्मक रिश्ता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिवंगत जापानी नेता शिंजो आबे के बीच लंबे समय से बेहद करीबी संबंध रहे थे। 8 जुलाई 2022 को नारा शहर में शिंजो आबे की हत्या कर दी गई थी। नारा वर्तमान प्रधानमंत्री सानाए ताकाची का संसदीय क्षेत्र भी है।
शिंजो आबे के कार्यकाल में भारत और जापान के संबंधों ने नई ऊंचाइयों को छुआ था। दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और रक्षा सहयोग को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है।
आबे के अंतिम संस्कार में पहुंचे थे पीएम मोदी
शिंजो आबे के निधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 सितंबर 2022 को विशेष रूप से टोक्यो पहुंचे थे, जहां उन्होंने उनके राजकीय अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने आबे की पत्नी अकी आबे से मुलाकात कर शोक संवेदना भी व्यक्त की थी।
प्रधानमंत्री मोदी काफी देर तक शिंजो आबे की तस्वीर के सामने मौन खड़े रहे थे। उस दृश्य ने जापान के लोगों को भी भावुक कर दिया था और दोनों नेताओं की गहरी मित्रता की व्यापक चर्चा हुई थी।
‘सुंदर छोटी बहन’ कहने पर जताया आभार
दिवंगत शिंजो आबे के प्रति साझा सम्मान और आत्मीय संबंधों को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने सानाए ताकाची को अपनी “छोटी बहन” कहकर संबोधित किया। इस संबोधन पर जापानी प्रधानमंत्री ने भी आभार व्यक्त किया।
सानाए ताकाची ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उन्हें “सुंदर छोटी बहन” कहना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं की सोच कई मुद्दों पर समान है और उनके बीच बनी यह आत्मीयता आपसी विश्वास और समझ का प्रतीक है।



