उत्तर प्रदेश

पॉलिटेक्निक रिजल्ट जारी! समय पर परीक्षा के बाद रिकॉर्ड समय में परिणाम घोषित, बेटियों का दबदबा, जानिए किसने किया टॉप

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पॉलिटेक्निक की सेमेस्टर, वार्षिक और विशेष बैक पेपर परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल के निर्देश पर प्राविधिक शिक्षा परिषद ने मई-जून 2026 में आयोजित परीक्षाओं का परिणाम निर्धारित समय में जारी किया। परिषद ने नकलविहीन परीक्षा और डिजिटल मूल्यांकन प्रक्रिया के जरिए पारदर्शी तरीके से परिणाम घोषित करने का दावा किया है।

4 मई से 5 जून 2026 के बीच प्रदेश के 236 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की गई थीं। इनमें कुल 2,68,686 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। सेमेस्टर प्रणाली में 1,24,671, वार्षिक प्रणाली में 1,27,304 और विशेष बैक पेपर परीक्षा में 7,784 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। उत्तर पुस्तिकाओं का डिजिटल मूल्यांकन प्रदेश के 157 राजकीय और अनुदानित पॉलिटेक्निक संस्थानों में कराया गया।

इंजीनियरिंग और फार्मेसी का रहा उत्तीर्ण प्रतिशत

परिषद अध्यक्ष एवं प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा डॉ. एम.के. शन्मुगा सुंदरम के अनुसार अंतिम सेमेस्टर डिप्लोमा इंजीनियरिंग का उत्तीर्ण प्रतिशत 93.42 प्रतिशत और फार्मेसी का 62.69 प्रतिशत रहा। परीक्षार्थी अपना परिणाम परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

इंजीनियरिंग स्ट्रीम में आशुतोष प्रजापति बने टॉपर

इंजीनियरिंग स्ट्रीम में महामाया पॉलिटेक्निक ऑफ आईटी, महाराजगंज के आशुतोष प्रजापति ने 86.18 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, वाराणसी की पूजा सिंह 85.62 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, अमेठी की अनुष्का सिंह 85.38 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

फार्मेसी में दिव्यांशी शुक्ला ने किया टॉप

फार्मेसी स्ट्रीम में रामेश्वरम फार्मेसी कॉलेज, सीतापुर की दिव्यांशी शुक्ला ने 84.35 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीआरसी महाविद्यालय, बाराबंकी की जूली देवी 82.87 प्रतिशत के साथ दूसरे और राजकीय पॉलिटेक्निक, जौनपुर के अभिषेक यादव 82.61 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

टॉप-10 में बेटियों का शानदार प्रदर्शन

इस बार परिणाम में छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। इंजीनियरिंग और फार्मेसी, दोनों स्ट्रीम के टॉप-10 में 8-8 स्थान छात्राओं ने अपने नाम किए। वहीं पहली बार राजकीय पॉलिटेक्निक जौनपुर और राजकीय महिला पॉलिटेक्निक प्रयागराज ने फार्मेसी स्ट्रीम के टॉप-10 में जगह बनाई है।

नकल पर सख्ती, 194 छात्रों का परिणाम रोका गया

प्राविधिक शिक्षा परिषद ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई भी की है। नकल और परीक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में 194 विद्यार्थियों का परिणाम रोक दिया गया है। इसके अलावा 896 उत्तर पुस्तिकाओं पर मोबाइल नंबर लिखने वाले परीक्षार्थियों को संबंधित विषय में शून्य अंक दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button