लुधियाना में बिजली संकट पर भड़का जनाक्रोश, घंटों कटौती से परेशान लोगों ने सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में लगातार बिगड़ती बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। कई दिनों से बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या से परेशान हरगोविंद नगर के लोगों ने देर रात सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन किया और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो पावरकॉम कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
हड़ताल के बीच चरमराई बिजली व्यवस्था
शहर में कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बिजली आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित बताई जा रही है। कई-कई घंटे तक बिजली नहीं मिलने से लोगों को पेयजल समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार कटौती से आम जनजीवन भी प्रभावित हो गया है।
पांच दिनों से परेशान लोग उतरे सड़कों पर
हरगोविंद नगर के निवासी पिछले पांच दिनों से बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या झेल रहे हैं। इसी के विरोध में पार्षद गौरवजीत सिंह गोरा की अगुवाई में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग रविवार देर रात श्रृंगार सिनेमा रोड पर एकत्र हुए और धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया।
‘बिजली नहीं, पानी तक के लिए तरस रहे लोग’
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों को पीने के पानी तक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि लुधियाना जैसे औद्योगिक शहर में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। रात में बिजली गुल रहने से भीषण गर्मी में छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है, जबकि दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
समस्या दूर नहीं हुई तो पावरकॉम कार्यालय का होगा घेराव
इलाका निवासियों ने पंजाब सरकार और पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों से जल्द बिजली आपूर्ति सामान्य करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय लोग एकजुट होकर पावरकॉम कार्यालय का घेराव करेंगे।



