पंजाब

शिक्षा में पंजाब का बड़ा धमाका: परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स 2.0 में देशभर में पहला स्थान, ‘प्रचेष्टा-ग्रेड-1’ हासिल

चंडीगढ़: स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब ने ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा जारी परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई) 2.0 की वर्ष 2024-25 रिपोर्ट में पंजाब ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। इस प्रदर्शन के साथ राज्य ने एक बार फिर शिक्षा सुधारों में अपनी मजबूत स्थिति साबित की है।

पंजाब ने इस रैंकिंग में प्रचेष्टा-ग्रेड-1 हासिल किया है, जो 51 से 60 प्रतिशत स्कोर के बीच आने वाले राज्यों को दिया जाता है। इस श्रेणी में पंजाब के साथ केवल केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ शामिल है। इस उपलब्धि के साथ पंजाब ने केरल, दिल्ली, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों को पीछे छोड़ दिया है, जिन्हें प्रचेष्टा-ग्रेड-2 में रखा गया है।

सीखने के परिणामों में देश में नंबर-1

शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब ने सबसे महत्वपूर्ण श्रेणी “सीखने के परिणाम और गुणवत्ता” में 150.4 अंक प्राप्त कर देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इस श्रेणी में कक्षा 3, 6 और 9 के छात्रों का भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में प्रदर्शन मूल्यांकन किया जाता है, जो शिक्षा की वास्तविक गुणवत्ता का प्रमुख मानक माना जाता है।

जिलों के प्रदर्शन में भी पंजाब आगे

जिलास्तरीय परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई-डी) 2024-25 में बरनाला जिले ने 461 अंकों के साथ राज्य में पहला स्थान हासिल किया है और उत्तम-2 ग्रेड प्राप्त किया है। इसके बाद श्री मुक्तसर साहिब, एसबीएस नगर (नवांशहर), होशियारपुर, संगरूर, तरनतारन और मालेरकोटला जिलों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है।

शिक्षा सुधारों को बताया बड़ी उपलब्धि

शिक्षा मंत्री ने इस उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों की मेहनत और राज्य सरकार की नीतियों को दिया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम शिक्षा में रटने की बजाय समझ आधारित पढ़ाई को बढ़ावा देने का नतीजा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र में बड़े बदलाव किए गए हैं, जिनका असर अब राष्ट्रीय स्तर पर दिख रहा है।

उन्होंने कहा कि पंजाब के सरकारी स्कूल अब देश के लिए एक मॉडल बनकर उभर रहे हैं और राज्य “शिक्षा क्रांति” की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Related Articles

Back to top button