दिल्ली

बारिश का सिलसिला हुआ खत्म, दिल्ली समेत इन राज्यों में रहेगी शीतलहर, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

नई दिल्ली: उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अब बारिश का सिलसिला काफी हद तक खत्म हो चुका है। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार की सुबह ठंडी रही, हालांकि राष्ट्रीय राजधानी में कोहरा नहीं देखा गया। मौसम विभाग ने बुधवार को सुबह धुंध के साथ मुख्य रूप से साफ आसमान रहने का अनुमान लगाया है, जबकि न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश 7 और 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। मंगलवार को, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दिल्ली में अगले दो दिनों तक दिन के दौरान 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

इस बीच, मौसम विभाग ने कहा कि आज सुबह 5.30 बजे ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कोहरा छाया रहा। सैटेलाइट इमेजरी दिखाते हुए, यह भी कहा गया कि पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम कोहरा देखा गया। इसमें कहा गया है कि गंगा के तटवर्ती पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में आज सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। वैज्ञानिक और क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि आने वाले दिनों में, राष्ट्रीय राजधानी में आसमान साफ ​​रहने की संभावना है और तापमान में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं होगा।

श्रीवास्तव ने कहा, “बुधवार और गुरुवार को दिन में 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और 10 फरवरी के बाद हम तापमान में बदलाव की उम्मीद कर सकते हैं, लेकिन तब तक कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं होगा।” मंगलवार को, राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है, जबकि वायु गुणवत्ता में काफी सुधार हुआ है, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आ गई है।

मौसम विभाग की मानें तो आज यानी 07 फरवरी को उत्तरी मध्य प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा के सुदूर इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है। वहीं, अगर शीतलहर की बात करें तो आज हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कोल्ड वेव की स्थिति रहेगी। वहीं नई दिल्ली की बात करें तो आज यानी 07 फरवरी न्यूनतम तापमान 07 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। हालांकि मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कुछ दिनों में दिल्ली के तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।

उत्तर प्रदेश के मौसम का हाल
मौसम विभाग की मानें तो उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 09 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। वहीं, आज लखनऊ में मध्यम कोहरा देखने को मिलेगा। गाजियाबाद की बात करें तो आज न्यूनतम तापमान 07 डिग्री और अधिकतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं, आज गाजियाबाद में कोहासा रहेगा।

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट की मानें तो आज अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है। वहीं, मेघालय, मणिपुर, मेघालय और नागालैंड में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गंगीय पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश संभव है।

Related Articles

Back to top button