पंजाब

पंजाब में हीटवेव का रेड अलर्ट जैसा असर, 23 मई तक लू की चेतावनी; बठिंडा में पारा 43 डिग्री पार

चंडीगढ़: पंजाब में गर्मी अब खतरनाक रूप लेने लगी है। मौसम विभाग ने राज्य में 18 मई से 23 मई तक भीषण हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक आने वाले दिनों में पंजाब के कई हिस्सों में तेज लू चलने की संभावना है, जबकि पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। लगातार बढ़ते तापमान और तेज धूप ने लोगों की मुश्किलें बढ़ानी शुरू कर दी हैं।

मौसम विभाग के अनुसार दोपहर के समय हालात सबसे ज्यादा गंभीर रह सकते हैं। तेज गर्म हवाओं और लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

बठिंडा बना सबसे गर्म शहर

रविवार को पंजाब के ज्यादातर इलाकों में भीषण गर्मी दर्ज की गई। छुट्टी के दिन भी दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दिया। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में शनिवार के मुकाबले 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

बठिंडा पंजाब का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा पटियाला में 42 डिग्री और लुधियाना में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक ये तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री ज्यादा हैं।

रात में भी बढ़ी गर्मी, लोगों को नहीं मिल रही राहत

दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है। हालांकि श्री आनंदपुर साहिब में न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे वहां रात के समय कुछ राहत महसूस की गई।

विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में हीटवेव का असर और बढ़ सकता है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है।

मौसम विभाग की लोगों को सलाह

मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। इसके साथ ही ज्यादा से ज्यादा पानी, लस्सी, नींबू पानी और अन्य तरल पदार्थ लेने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सिर को कपड़े से ढककर बाहर निकलने और धूप से सीधे संपर्क से बचने की सलाह दी है, ताकि लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button