दिल्लीराज्य

दिल्ली वालों के लिए राहत की खबर! 5 दिन तक बारिश-आंधी का दौर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश और बदले मौसम के बीच मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक आंधी, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में आए बदलाव के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार शाम दिल्ली के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम में इस बदलाव से राजधानी का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।

तापमान में गिरावट, मौसम रहेगा सुहाना

पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने की संभावना है। यह सामान्य से करीब 5.5 डिग्री कम बताया गया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत महसूस हो रही है।

18 जून से 21 जून तक बारिश और आंधी के आसार

मौसम विभाग ने बताया कि 18 जून को भी राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है।

इसके अलावा 19, 20 और 21 जून को भी मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। इन दिनों अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

22 और 23 जून को भी छाए रह सकते हैं बादल

मौसम विभाग के अनुसार, 22 और 23 जून को भी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि इन दिनों भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन मौसम अपेक्षाकृत सुहाना बना रह सकता है।

सोमवार को जारी हुआ था रेड और ऑरेंज अलर्ट

इससे पहले सोमवार को मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। इस दौरान पालम क्षेत्र में 1.3 मिलीमीटर और आयानगर में 0.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। वहीं लोधी रोड इलाके में हल्की बूंदाबांदी हुई थी।

हवा भी साफ, प्रदूषण संतोषजनक श्रेणी में

बारिश और तेज हवाओं का असर राजधानी की वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिला है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 81 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

Related Articles

Back to top button