टेक्नोलॉजी

Samsung Galaxy S24 Blast: इंटरनेट चलाते वक्त यूजर के हाथ में फटा Samsung Galaxy S24, धुएं के बाद दो टुकड़ों में बंटा फोन

नई दिल्ली: टेक कंपनी सैमसंग के प्रीमियम स्मार्टफोन Galaxy S24 को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि फोन बिना चार्जिंग के इस्तेमाल के दौरान अचानक गर्म होकर फट गया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसने स्मार्टफोन यूजर्स की चिंता बढ़ा दी है।

बताया जा रहा है कि यह घटना 11 मई की है। यूजर के अनुसार वह सामान्य तरीके से अपने फोन पर इंटरनेट चला रहा था, तभी अचानक डिवाइस से धुआं निकलने लगा। कुछ ही सेकंड में फोन में तेज धमाका हुआ और हैंडसेट दो हिस्सों में टूट गया। खास बात यह रही कि उस समय फोन चार्जिंग पर नहीं लगा था और न ही किसी तरह का ओवरहीटिंग अलर्ट सामने आया था।

सोशल मीडिया पर सामने आई पूरी घटना

रेडिट पर एक यूजर ने अपनी आपबीती साझा करते हुए जले हुए फोन की तस्वीरें पोस्ट की हैं। यूजर का कहना है कि फोन अचानक गर्म हुआ और फिर उसमें विस्फोट हो गया। तस्वीरों में डिवाइस पूरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है।

राहत की बात यह रही कि फोन दो हिस्सों में बंट जाने की वजह से धमाके का असर कुछ कम हो गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद मौके पर पहुंचे फायर विभाग को लिथियम-आयन बैटरी के जलने के संकेत मिले हैं।

सैमसंग ने शुरू की जांच

मामले के सामने आने के बाद सैमसंग ने पीड़ित यूजर से संपर्क किया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल कंपनी की ओर से आधिकारिक रूप से विस्फोट की वजह को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि इस घटना ने स्मार्टफोन सेफ्टी और बैटरी सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्मार्टफोन इस्तेमाल करते समय बरतें ये सावधानियां

विशेषज्ञों का कहना है कि स्मार्टफोन बैटरी से जुड़े हादसों से बचने के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। हमेशा कंपनी के ओरिजिनल चार्जर और केबल का ही इस्तेमाल करें, क्योंकि नकली या सस्ते चार्जर बैटरी को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

चार्जिंग के दौरान फोन को तकिया, बिस्तर या कंबल जैसी जगहों पर रखने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे गर्मी बाहर नहीं निकल पाती। इसके अलावा तेज धूप या बंद कार जैसी गर्म जगहों पर फोन रखना भी खतरनाक साबित हो सकता है।

अगर फोन की बैटरी फूलने लगे या बैक पैनल उभरा हुआ दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में तुरंत सर्विस सेंटर से बैटरी बदलवाना जरूरी है। वहीं चार्जिंग के दौरान लंबे समय तक गेमिंग या वीडियो कॉलिंग करने से भी बैटरी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।

Related Articles

Back to top button