गंगा, काली, हिंडन नदी एवं तालाबों के किनारे होगा पौधारोपण: डीएम मेरठ
जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ आगामी महावृक्षारोपण अभियान से सबंधित बिन्दुवार समीक्षा की गयी।
Meerut News: आज विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डा. वीके सिंह की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, जिला पौधरोपण समिति, जिला वेटलैंड समिति तथा जिला पर्यावरण समिति की बैठक की गयी। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनपद में पक्षियों के प्राकृतिक प्रवास हेतु वेटलैंडों के संरक्षण तथा नवीन वेटलैंड को चिह्नित करने के लिए सिंचाई विभाग को निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि गंगा किनारे गठित ग्राम गंगा समितियां की मासिक समीक्षा बैठक नियमित रूप से आयोजित कराए तथा गंगा किनारे किसी भी प्रकार की समस्या को बैठक के माध्यम से जिला स्तर पर जिला गंगा समिति के समक्ष प्रस्तुत कराएं।
सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से निकलने वाले जल की रिपोर्ट पेश करें
बैठक में जनपद में संचालित समस्त सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से निकलने वाले शोधित जल को पुनः उपयोग करने के कार्ययोजना जिला गंगा समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए निर्देश दिए गए। गंगा किनारे ग्रामों में गंगा वाटिका स्थापना करने के लिए जिलाधिकारी द्वारा निर्देश जारी किए गए। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ आगामी महावृक्षारोपण अभियान से सबंधित बिन्दुवार समीक्षा की गयी।
पौधरोपण के लिए विशेष स्थलों का चयन
डीएम ने सभी को निर्देशित किया कि इस वर्ष पौधरोपण अभियान के तहत मॉडल साइट व जनप्रतिनिधियों के पौधारोपण के लिए विशेष स्थलों का चयन करें। जिलाधिकारी ने सभी को निर्देश दिए कि स्थलों के अनुसार पौधे को चिन्हित करके रोपित किया जाये और समस्त रोपित पौधों की शत प्रतिशत जीवितता सुनिश्चित की जाए।
सहजन के पौधों का वितरण
जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण विभाग को निर्देश दिए कि माननीय समस्त न्यायालयों में चल रहे जनपद के वादों का ससमय उत्तर दाखिल किया जाये। बैठक के उपरांत जिलाधिकारी द्वारा समस्त उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगभग 100 सहजन के पौधों का वितरण किया गया और सभी को पौधे की देखभाल करने के निर्देश दिए गए।
ये अधिकारी मुख्य रूप से रहे मौजूद
इस अवसर पर सीडीओ नूपुर गोयल, डीएफओ वंदना फोगाट, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे तुषार गुप्ता, जिला पंचायती राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार, समस्त खंड विकास अधिकारी जनपद मेरठ, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



