बारुईपुर हत्याकांड पर एक महीने बाद सायोनी घोष की वापसी, X पर पोस्ट कर बोलीं- पीड़ित परिवार को मिलेगा न्याय

कोलकाता: करीब एक महीने तक सोशल मीडिया पर खामोश रहने के बाद तृणमूल कांग्रेस की सांसद सायोनी घोष एक बार फिर सक्रिय हो गई हैं। 8 जून के बाद पहली बार उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में 11 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने घटना को बेहद दर्दनाक बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सायोनी घोष ने अपने संदेश में कहा कि बारुईपुर के सूरजापुर इलाके में नाबालिग बच्ची के साथ हुई घटना बेहद अमानवीय है। उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी हैं और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री से बातचीत का किया दावा
सायोनी घोष ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से चर्चा की है। उनके अनुसार मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की व्यक्तिगत स्तर पर निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है, विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया जा चुका है और पीड़ित परिवार के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द से जल्द न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
लिखित रूप में भी उठाएंगी मामला
बारुईपुर की सांसद सायोनी घोष ने कहा कि वह इस पूरे घटनाक्रम को लिखित रूप में भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे।
भीड़ हिंसा पर जताई चिंता
सायोनी घोष ने लोगों से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में भीड़तंत्र की कोई जगह नहीं हो सकती। मॉब लिंचिंग जैसी घटनाएं भी उतनी ही गंभीर हैं और इनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि वह बारुईपुर के पुलिस अधीक्षक के लगातार संपर्क में हैं और मामले की जांच पर नजर बनाए हुए हैं।
क्या है बारुईपुर हत्याकांड?
दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर इलाके में लापता 11 वर्षीय बच्ची का शव रविवार को सूरजापुर हाट क्षेत्र में एक बोरी के भीतर बरामद हुआ था। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने बारुईपुर-जयनगर मार्ग पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, टायर जलाए और कुछ पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
इसी दौरान बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोप में संदिग्ध एक व्यक्ति की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। प्रेसिडेंसी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक कांकर प्रसाद बरुई ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि गुस्साई भीड़ ने आरोपी समझे जा रहे एक व्यक्ति की जान ले ली। पुलिस अब तक बच्ची की हत्या के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और मामले की जांच जारी है।



