
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कड़कड़डूमा गांव में 30 वर्षीय महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि आरोपी हत्या की योजना बनाकर लखनऊ से दिल्ली आया था और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी वहीं से खरीदकर लाया था।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सोनम जोशी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली थी। वह नोएडा में रहकर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी और घटना के समय अपनी जेठानी के घर ठहरी हुई थी।
कमरे में सो रही पत्नी पर किया ताबड़तोड़ हमला
शाहदरा के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 28 जून को आनंद विहार थाना पुलिस को कड़कड़डूमा गांव स्थित एक मकान में महिला के खून से लथपथ पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला मृत अवस्था में मिली। उसके शरीर पर चाकू के कई गहरे घाव पाए गए।
घटना की सूचना मिलते ही अपराध शाखा और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंची। जांच के दौरान साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हत्या के इरादे से एक दिन पहले पहुंचा था दिल्ली
जांच में सामने आया कि आरोपी अनुज जोशी अपनी पत्नी की हत्या करने की नीयत से एक दिन पहले ही बस के जरिए लखनऊ से दिल्ली आया था। उसने वारदात से पहले लखनऊ में चाकू खरीदा और उसे अपने साथ लेकर आया।
पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह करीब 5:40 बजे वह उस मकान में पहुंचा जहां सोनम सो रही थी। कमरे में घुसते ही उसने पत्नी पर चाकू से कई वार किए। हमला इतना तेज था कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
वारदात के बाद कमरे में ही छिपा दिया हथियार
हत्या के बाद आरोपी ने इस्तेमाल किया गया चाकू एक प्लास्टिक बैग में छिपाकर कमरे के अंदर ही रख दिया। हालांकि पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को जल्द ही हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है।
दूसरी पत्नी थी सोनम, पांच बच्चों का पिता है आरोपी
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि सोनम जोशी आरोपी अनुज की दूसरी पत्नी थी। अनुज की पहली शादी ज्योति नामक महिला से हुई थी, जिससे उसके दो बच्चे हैं। पहली पत्नी से अलग होने के बाद उसने सोनम से विवाह किया था और इस रिश्ते से तीन बच्चे हुए।
जानकारी के अनुसार आरोपी के सभी पांच बच्चे वर्तमान में उसके साथ लखनऊ में रहते हैं।
हत्या की वजह अभी साफ नहीं
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद, आपसी तनाव या कोई अन्य कारण था।



