बिहारराज्य

चलती ट्रेन में सनसनीखेज वारदात: सुपौल MVI के पति को बदमाशों ने मारी गोली, यात्रियों में दहशत, लूट का विरोध करने पर हमला

खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले में चलती ट्रेन के अंदर हुई गोलीबारी की घटना ने यात्रियों में दहशत फैला दी। जन साधारण एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री को बदमाशों ने सीने में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान देव कुमार गुंजन के रूप में हुई है, जो सुपौल में तैनात मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) अस्मिता कुमारी के पति बताए जा रहे हैं।

खगड़िया: घटना सहरसा रेलखंड के मानसी और बदला घाट स्टेशन के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार देव कुमार गुंजन अपनी पत्नी के साथ सुपौल से झारखंड के गोड्डा स्थित घर की ओर यात्रा कर रहे थे, तभी ट्रेन में बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी।

लूट का विरोध करने पर चलाई गोली

आरोप है कि बदमाश यात्रियों से सामान और नकदी लूट रहे थे। इसी दौरान जब देव कुमार गुंजन ने विरोध किया, तो अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर सीने में गोली मार दी। गोली चलने के बाद ट्रेन के कोच में अफरा-तफरी मच गई और यात्री दहशत में आ गए।

रेलवे और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। घायल यात्री को तुरंत खगड़िया सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

GRP ने शुरू की जांच, यात्रियों से पूछताछ जारी

मानसी जीआरपी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल से बयान लेने की कोशिश की और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

पुलिस का बयान, जांच जारी

मानसी GRP थानाध्यक्ष रवि भूषण ने बताया कि ट्रेन में एक यात्री को गोली मारकर घायल किया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है और फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वारदात किस उद्देश्य से की गई।

Related Articles

Back to top button