उत्तर प्रदेशकासगंज

कासगंज में भूमि विवाद के दौरान SHO को मारी थी गोली, मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

कासगंज: यूपी के कासगंज जिले के सिकंदरपुर क्षेत्र में बुधवार रात को दो पक्षों में भूमि विवाद के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। इस दौरान सिकंदरपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (SHO) को गोली लगने से वो घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) जितेन्द्र कुमार दुबे ने बताया कि कोतवाल हरिभान सिंह राठौड़ पर गोलीबारी मामले में 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इनमें चार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम है।

बता दें कि बीते बुधवार को सिकंदरपुर के प्रभारी निरीक्षक हरिभान सिंह राठौर नरपत गांव में दो पक्षों के बीच भूमि को लेकर हुए विवाद के बाद गोली चलने की सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। उस समय दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी चल रही थी। हरिभान सिंह ने मौके से उपद्रव मचा रहे लोगों को रोकने का प्रयास किया, इसी बीच वह भी गोली लगने से घायल हो गए। राठौर को गर्दन के पास बंदूक की गोली लग गई। थानाध्यक्ष के घायल होने बाद फायरिंग कर रहे लोग भाग गए। घायल थाना अध्यक्ष को इलाज के लिए गंजडुंडवारा चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने थाना अध्यक्ष को अलीगढ हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस अधिकारी को गोली लगने की सूचना से हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी के बाद आला पुलिस अधिकारियों ने मौके पर डेरा जमा दिय। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी। पुलिस हमलावरों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही थी। इसी बीच शुक्रवार को पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, पुलिस बाकी हमलावरों की तलाश में लगी हुई है।

Related Articles

Back to top button