छत्तीसगढ़राज्य

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बड़े बदलाव के संकेत! नए प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ तेज, कई दिग्गज नेताओं के नाम चर्चा में

रायपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मौजूदा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल समाप्ति की ओर बढ़ रहा है, जिसके बाद नए प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर पार्टी के भीतर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि संगठन को नई दिशा और ऊर्जा देने के लिए कांग्रेस नेतृत्व जल्द बड़ा फैसला ले सकता है।

युवा और अनुभवी चेहरों के बीच मुकाबला

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए कई प्रमुख नेताओं के नाम चर्चा में हैं। इनमें पूर्व मंत्री और खरसिया विधायक उमेश पटेल, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है।

राजनीतिक गलियारों में उमेश पटेल को संगठनात्मक अनुभव और युवा नेतृत्व के बेहतर संतुलन वाले चेहरे के रूप में देखा जा रहा है। वहीं देवेंद्र यादव को जमीनी पकड़ रखने वाले सक्रिय और ऊर्जावान युवा नेता के तौर पर माना जाता है, जिससे उनकी दावेदारी भी मजबूत मानी जा रही है।

टीएस सिंहदेव भी माने जा रहे मजबूत दावेदार

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का नाम भी प्रदेश अध्यक्ष पद की संभावित सूची में शामिल बताया जा रहा है। सरगुजा, कोरबा और जांजगीर-चांपा सहित कई इलाकों में उनकी लगातार सक्रियता को उनकी राजनीतिक ताकत के रूप में देखा जा रहा है। क्षेत्रीय प्रभाव और लंबे राजनीतिक अनुभव के चलते उन्हें भी महत्वपूर्ण दावेदार माना जा रहा है।

दीपक बैज की दावेदारी अभी खत्म नहीं

हालांकि नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच मौजूदा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की संभावनाओं को भी पूरी तरह नकारा नहीं जा रहा है। आदिवासी समाज में उनकी मजबूत पकड़ और संगठन में सक्रिय भूमिका उनके पक्ष में अहम कारक माने जा रहे हैं।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेतृत्व सभी पहलुओं पर विचार कर रहा है और संगठन को मजबूत करने के लिए युवा तथा अनुभवी नेतृत्व के बीच संतुलन साधने की कोशिश की जा रही है।

हाईकमान के फैसले पर टिकी निगाहें

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है। अब सभी की निगाहें पार्टी हाईकमान के फैसले पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में संगठनात्मक बदलाव को लेकर कोई बड़ा निर्णय सामने आ सकता है, जो प्रदेश की राजनीति पर भी असर डाल सकता है।

Related Articles

Back to top button