राष्ट्रीय

PM मोदी को 2014 का वादा याद दिलाकर सोनम वांगचुक की बड़ी मांग, बोले- एक साल में कर दीजिए पूरा

नई दिल्ली: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2014 में किए गए एक वादे की याद दिलाई है। उन्होंने सांसदों और विधायकों के खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों की जल्द सुनवाई के लिए विशेष फास्ट ट्रैक अदालतें बनाने की मांग की। वांगचुक ने कहा कि 12 साल बीत चुके हैं और प्रधानमंत्री चाहें तो 15 अगस्त 2027 तक इस व्यवस्था को लागू कर सकते हैं।

फास्ट ट्रैक अदालतों में 6 महीने से एक साल में फैसला देने की मांग

सोनम वांगचुक ने कहा कि अगर संसद में बड़ी संख्या में सांसदों के खिलाफ आपराधिक मामले चल रहे हों और गंभीर अपराधों से जुड़े मामले भी हों, तो लोकतंत्र को अपराधमुक्त करने की चुनौती बनी रहती है। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार जब तक अपराध साबित नहीं होता, व्यक्ति निर्दोष माना जाता है। इसी व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि कई मामलों में न्यायिक प्रक्रिया लंबी होने के कारण आरोपी नेता वर्षों तक संसद या विधानसभा में बने रह सकते हैं।

वांगचुक ने एक सुझाव का जिक्र करते हुए कहा कि सांसदों और विधायकों से जुड़े आपराधिक मामलों के लिए ऐसी विशेष अदालतें होनी चाहिए, जो छह महीने से एक साल के भीतर यह तय कर सकें कि संबंधित व्यक्ति दोषी है या निर्दोष। उनके मुताबिक, ऐसी व्यवस्था होने पर दोषी लोग जेल जाएंगे और निर्दोष लोगों के लिए संसद में बने रहने का रास्ता साफ रहेगा।

2014 के इंटरव्यू का वीडियो दिखाकर पीएम मोदी से अपील

सोनम वांगचुक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2014 के एक इंटरव्यू का वीडियो क्लिप साझा करते हुए कहा कि उन्होंने यह वीडियो प्रधानमंत्री पर आरोप लगाने के लिए नहीं बनाया है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य प्रधानमंत्री को पुराने वादे की याद दिलाना और इस मांग को उनके सामने दोबारा रखना है।

वांगचुक ने कहा कि प्रधानमंत्री अभी भी इस दिशा में कदम उठा सकते हैं। उन्होंने लोगों से इस मांग को साझा करने की अपील की, ताकि यह बात प्रधानमंत्री तक पहुंच सके।

2026 से 2027 तक एक साल में व्यवस्था लागू करने की मांग

वांगचुक ने कहा कि अगर 15 अगस्त 2026 से 15 अगस्त 2027 के बीच एक साल में ऐसी अदालतों की व्यवस्था लागू कर दी जाती है, तो यह देश के लिए स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री की ओर से बड़ा तोहफा होगा। उन्होंने लोगों से वीडियो साझा करने और इस मांग को आगे बढ़ाने की अपील की।

उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जय हिंद कहा।

भ्रष्टाचार और अन्याय को लेकर भी साधा निशाना

इससे एक दिन पहले सोनम वांगचुक ने कहा था कि 2014 में देश ने नई सरकार चुनी थी, लेकिन पिछले 12 वर्षों में भ्रष्टाचार और अन्याय का स्वरूप बदल गया है। उन्होंने दावा किया कि ये समस्याएं पहले से भी बड़ी होकर सामने आ रही हैं। उन्होंने देश में बड़े बदलाव और क्रांति की जरूरत बताई।

वांगचुक ने कहा कि वह किसी खास राजनीतिक दल, सत्ता पक्ष या विपक्ष की बात नहीं कर रहे हैं, बल्कि देश के भविष्य को लेकर बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में ऐसे नेताओं को आगे आना चाहिए, जो देश को सही दिशा दिखा सकें।

देश के बेस्ट माइंड्स से सुझाव लेने की अपील

सोनम वांगचुक ने देश के बुद्धिजीवियों और बेहतर सोच रखने वाले लोगों को एक साथ लाने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि वह चरित्रवान और सिद्धांतों पर चलने वाले लोगों से मिलना चाहते हैं। उन्होंने लोगों से ऐसे लोगों के नाम सुझाने की अपील भी की और कहा कि सुझाव मिलने के बाद वह उनके शहरों में जाकर उनसे बातचीत करना चाहेंगे।

Related Articles

Back to top button