अन्तर्राष्ट्रीय

नाइजीरिया के चर्च में आतंकियों ने 50 लोगो को मार डाला

ओवो : नाइजीरिया में आतंकी हमले का एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। रविवार को दक्षिण-पश्चिम नाइजीरिया में एक कैथोलिक चर्च पर बंदूकधारियों ने सामूहिक हमला किया, जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 50 लोग मारे गए। ओन्डो राज्य के पुलिस प्रवक्ता फनमिलायो इबुकुन ओडुनलमी(Funmilayo Ibukun Odunlami, police spokesperson) ने कहा कि बंदूकधारियों ने चर्च की इमारत के बाहर और अंदर लोगों को गोली मार दी, जिससे पूजा करने वालों की मौत हो गई और घायल हो गए।

फनमिलायो इबुकुन ओडुनलमी ने बताया कि ओवो शहर के सेंट फ्रांसिस कैथोलिक चर्च में हुए हमले में कितने लोग मारे गए या घायल हुए, इसका आकलन जारी है। पुलिस हमले के कारणों की जांच कर रही है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। ओन्डो राज्य के राज्यपाल अराकुनरिन ओलुवारोतिमी अकेरेडोलु(Arakunrin Oluwarotimi Akeredolu) ने घटनास्थल का दौरा किया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने इसे जघन्य नरसंहार बताया। हमलावरों की पहचान और मकसद अभी पता नहीं चल सका है। नाइजीरिया में कैथोलिक चर्च के प्रवक्ता रेवरेंड ऑगस्टीन इकवु ने कहा, “यह बहुत दुखद है कि जब पवित्र मास(Holy Mass) चल रहा था, तब अज्ञात बंदूकधारियों ने सेंट फ्रांसिस कैथोलिक चर्च पर हमला किया। इकवु ने कहा कि इस हमले में पल्ली के बिशप और पुजारी बाल-बाल बचे हैं। उल्लेखनीय है कि होली मास रोमन कैथोलिक चर्च में होने वाली पूजा का एक खास अवसर होता है।

ओवो के एक अस्पताल के डॉक्टर ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि हमले से कम से कम 50 शवों को शहर के दो अस्पतालों में लाया गया है। राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी(President Muhammadu Buhari) ने हमले की निंदा करते हुए इसे जघन्य बताया। वेटिकन ने कहा कि पोप फ्रांसिस ने पीड़ितों के लिए प्रार्थना की। बता दें कि नाइजीरिया पूर्वोत्तर में एक इस्लामी विद्रोह और सशस्त्र गिरोहों से जूझ रहा है, जो फिरौती के लिए हमले और अपहरण करते हैं। ये हमले ज्यादातर उत्तर पश्चिम में होते हैं। जबकि दक्षिण-पश्चिम में इस तरह के हमले कम होते हैं।

Related Articles

Back to top button