प्रधानमंत्री आवास योजना: आवंटन सूची में आया नाम तो खुशी से झूम उठा परिवार
लॉटरी ड्रॉ के मौके पर बड़ी संख्या में आवेदक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
Ghaziabad News: प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रताप विहार योजना के 477 ईडब्ल्यूएस भवनों का लॉटरी ड्रॉ लोहिया भवन स्थित हिंदी भवन में सम्पन्न हुआ।
47 प्रतीक्षा सूची भवनों का भी ड्रॉ
जीडीए द्वारा बुधवार को हिन्दी भवन प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत योजना संख्या 923-41 डी, प्रताप विहार के 477 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग भवनों के आवंटन हेतु लॉटरी ड्रॉ का आयोजन किया। इसके अतिरिक्त योजना के 47 प्रतीक्षा सूची (वेटिंग) भवनों के लिए भी लॉटरी ड्रॉ सम्पन्न कराया गया।
अधिकारियों की उपस्थित में ड्रॉ
लॉटरी ड्रॉ की प्रक्रिया एडीएम सिटी, जीडीए अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, वित्त नियंत्रक, विशेष कार्याधिकारी तथा परियोजना अधिकारी, डूडा, की उपस्थिति में आवेदकों के समक्ष सम्पन्न कराई।
आवेदक परिजनों के साथ रहे उपस्थित
लॉटरी ड्रॉ के मौके पर बड़ी संख्या में आवेदक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। जिससे सभागार पूरी तरह भरा रहा। जैसे ही लॉटरी प्रक्रिया आगे बढ़ी और चयनित लाभार्थियों के नाम घोषित होते गए। सभागार में खुशी का माहौल देखने को मिला। जिन आवेदकों के नाम आवंटन सूची में आए। वे खुशी से झूम उठे तथा अनेक लाभार्थियों ने इसे अपने जीवन का सबसे यादगार क्षण बताया। लाभार्थियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने वर्षों से अपने घर का सपना संजोए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सपने को साकार करने का कार्य किया है।
पीएम आवास योजना की लाभार्थियों ने की सराहना
उपस्थित लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रशंसा की।
निम्न आय वर्ग के पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध
जीडीए प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्राधिकरण भविष्य में भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करता रहेगा।



