अक्टूबर में स्कूली बच्चों की बल्ले-बल्ले, गांधी जयंती से दशहरा तक छुट्टियों की भरमार; जानें किस राज्य में कब बंद रहेंगे स्कूल

नई दिल्ली: अक्टूबर का महीना स्कूली बच्चों के लिए त्योहारों और छुट्टियों से भरा रहने वाला है। इस महीने गांधी जयंती, नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दशहरा जैसे कई प्रमुख त्योहार पड़ रहे हैं। ऐसे में देश के अलग-अलग राज्यों में स्कूलों में कई दिनों तक अवकाश रहेगा। इसके अलावा कुछ स्कूल और बोर्ड अपने शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार शरदकालीन या फेस्टिवल ब्रेक भी घोषित कर सकते हैं। हालांकि, छुट्टियों की अवधि सभी राज्यों में एक जैसी नहीं होगी।
अक्टूबर में इन तारीखों पर रहेंगी प्रमुख छुट्टियां
त्योहारों के कैलेंडर के अनुसार अक्टूबर 2026 में कई प्रमुख त्योहार और अवकाश पड़ रहे हैं। इनमें प्रमुख तारीखें इस प्रकार हैं:
- 2 अक्टूबर, शुक्रवार: महात्मा गांधी जयंती, राष्ट्रीय अवकाश
- 18 अक्टूबर, रविवार: दशहरा और तेलंगाना में सद्दुला बथुकम्मा
- 19 अक्टूबर, सोमवार: दशहरा, महाअष्टमी/महानवमी
- 20 अक्टूबर, मंगलवार: दशहरा, विजयदशमी
- 26 अक्टूबर, सोमवार: महर्षि वाल्मीकि जयंती और तेलंगाना में हजरत सैयद मोहम्मद का जन्मदिन
- 29 अक्टूबर, गुरुवार: करवा चौथ यानी कारक चतुर्थी
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कब रहेगी छुट्टी
दिल्ली के स्कूलों में 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और 20 अक्टूबर को विजयदशमी का मुख्य अवकाश रहेगा। इसके अलावा 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती और 29 अक्टूबर को करवा चौथ प्रतिबंधित अवकाश की सूची में शामिल है। उत्तर प्रदेश में भी 2 अक्टूबर और 20 अक्टूबर को मुख्य अवकाश रहेगा।
तेलंगाना में लगातार कई त्योहारों की छुट्टियां
तेलंगाना में अक्टूबर के दौरान कई त्योहारों के चलते स्कूलों में अवकाश रहेगा। यहां 2 अक्टूबर को गांधी जयंती, 18 अक्टूबर को सद्दुला बथुकम्मा, 19 अक्टूबर को महानवमी और 20 अक्टूबर को विजयदशमी की छुट्टी रहेगी। इसके अलावा 21 अक्टूबर को विजयदशमी के अगले दिन भी अवकाश रहेगा। 26 अक्टूबर को हजरत सैयद मोहम्मद के जन्मदिन पर भी छुट्टी होगी।
पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के चलते लंबा ब्रेक
पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के कारण स्कूलों में लंबी छुट्टियां मिलेंगी। यहां 2 अक्टूबर के अलावा 19 और 20 अक्टूबर को प्रमुख त्योहारों के चलते अवकाश रहेगा। हालांकि, स्कूलों की छुट्टियों की वास्तविक अवधि संबंधित शैक्षणिक कैलेंडर पर निर्भर करेगी।
अक्टूबर में नहीं होगी दिवाली की छुट्टी
छात्रों और अभिभावकों के लिए एक अहम बात यह है कि 2026 में दिवाली अक्टूबर में नहीं पड़ेगी। इस साल दिवाली 8 नवंबर को मनाई जाएगी। इसलिए दिवाली से जुड़ी स्कूलों की छुट्टियां नवंबर महीने में ही होंगी।



