टेक्नोलॉजी

AC में आग लगने से पहले मिलते हैं ये खतरनाक संकेत, समय रहते हो जाएं सतर्क… वरना हो सकता है बड़ा हादसा

नई दिल्ली: उत्तर भारत में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बीच एयर कंडीशनर से जुड़े हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली, गाज़ियाबाद समेत कई शहरों में AC में धमाके और आग लगने की घटनाएं सामने आने के बाद अब सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा मामला दिल्ली के हौज खास इलाके से सामने आया, जहां देर रात AC में ब्लास्ट के शक के बाद लगी आग में रिटायर्ड IAS अधिकारी और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग के पहले चेयरमैन धनेंद्र कुमार की मौत हो गई। इस हादसे में उनका बेटा भी घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है।

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 11:18 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। उस समय घर में परिवार के सदस्य और घरेलू सहायकों समेत कुल 5 लोग मौजूद थे। दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी।

गाज़ियाबाद और दिल्ली में भी सामने आए AC ब्लास्ट के मामले

दिल्ली के बाद गाज़ियाबाद के इंदिरापुरम में भी एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां 26 मई को एक हाईराइज अपार्टमेंट की 15वीं मंजिल पर लगे स्प्लिट AC में कथित धमाके के बाद भीषण आग लग गई। वहीं इससे पहले दिल्ली के विवेक विहार इलाके में भी आग की एक दर्दनाक घटना में 9 लोगों की मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में वहां भी AC ब्लास्ट और शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना गया था।

गर्मियों में क्यों बढ़ जाते हैं AC हादसे?

विशेषज्ञों के मुताबिक मई और जून के महीनों में AC का इस्तेमाल सबसे ज्यादा होता है। लगातार कई घंटों तक AC चलने से मशीन पर दबाव बढ़ जाता है। यदि वायरिंग कमजोर हो, फिल्टर गंदे हों या वोल्टेज में उतार-चढ़ाव हो तो यही कूलिंग मशीन बड़ा खतरा बन सकती है।

गंदे फिल्टर की वजह से हवा का बहाव रुक जाता है, जिससे कंप्रेसर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और वह जरूरत से ज्यादा गर्म होने लगता है। इसी तरह खराब वायरिंग, ढीले कनेक्शन और पुराने इंसुलेशन भी आग लगने का बड़ा कारण बन सकते हैं।

रेफ्रिजरेंट गैस लीक भी बन सकती है खतरा

विशेषज्ञों का कहना है कि AC में रेफ्रिजरेंट गैस लीक होने पर मशीन की कूलिंग क्षमता कम हो जाती है। ऐसे में AC लगातार अधिक लोड लेकर चलता रहता है, जिससे उसके गर्म होने और आग पकड़ने का खतरा बढ़ जाता है।

इसके अलावा वोल्टेज में अचानक बढ़ोतरी या गिरावट आने से कंप्रेसर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक पुर्जों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। यही वजह है कि गर्मियों में AC हादसों के मामले तेजी से बढ़ जाते हैं।

इन संकेतों को भूलकर भी नजरअंदाज न करें

अगर AC से लगातार सांय-सांय जैसी आवाज आ रही हो, कूलिंग अचानक कम हो जाए, कॉइल्स पर बर्फ जमने लगे या वेंट्स से ठंडी हवा की जगह गर्म हवा आने लगे तो तुरंत सतर्क हो जाना चाहिए। ये संकेत मशीन में खराबी और संभावित खतरे की ओर इशारा करते हैं।

ऐसे रखें खुद को और परिवार को सुरक्षित

विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि गर्मियों की शुरुआत से पहले AC की सर्विसिंग जरूर करवानी चाहिए। फिल्टर की नियमित सफाई बेहद जरूरी है। साथ ही सही वोल्टेज स्टेबलाइज़र और सर्ज प्रोटेक्टर का इस्तेमाल करना भी सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जाता है।

इसके अलावा AC को लगातार पूरे दिन बिना ब्रेक के चलाने से बचना चाहिए। घरों और अपार्टमेंट्स में स्मोक डिटेक्टर, फायर एक्सटिंग्विशर, खुली सीढ़ियां और इमरजेंसी एग्जिट जैसी सुविधाएं भी मौजूद होनी चाहिए, ताकि किसी हादसे की स्थिति में समय रहते बचाव किया जा सके।

Related Articles

Back to top button