चंडीगढ़ में पंजाब भाजपा कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, पहले हो चुका ग्रेनेड हमला; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

चंडीगढ़। चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा के स्टेट ऑफिस को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरे ई-मेल के बाद चंडीगढ़ पुलिस भी अलर्ट हो गई है, क्योंकि पहले भी इस ऑफिस पर हैंड ग्रेनेड हमला हो चुका है। सुरक्षा एजेंसियों ने ई-मेल की जांच शुरू कर दी है।
धमकी भरे ई-मेल में 21 अगस्त को बंद के दौरान खुले रहने वाले शहरों में बम धमाके करने की बात लिखी गई है। इसके साथ ही 31 अगस्त को स्कूल बंद रखने और शहीद दिलावर सिंह बब्बर को याद करने का उल्लेख किया गया है।
धमकी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भाजपा कार्यालय और आसपास के इलाके की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। कार्यालय में आने-जाने वाले लोगों पर भी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल के तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदेश कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं।
चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय पहले भी हमलावरों के निशाने पर रह चुका है। कार्यालय पर पहले हैंड ग्रेनेड से हमला किया जा चुका है। इस घटना के बाद से भाजपा कार्यालय की सुरक्षा को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्कता बरतती रही हैं।



