मेरठ में पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन पशुचोर गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से एक घायल
पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की जवाबी कार्रवाई में एक युवक के पैर में गोली लगी
Meerut News: मेरठ के थाना मुण्डाली पुलिस द्वारा मुठभेड़ के दौरान तीन पशु चोर गिरफ्तार किए हैं। इनमें से एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी और वो घायल हो गया है। पशु चोरों से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा, कारतूस, बाइक व पशु चोरी की धनराशि 17,220 बरामद हुई है।
पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से फायरिंग की
थाना मुण्डाली पुलिस द्वारा आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान थाना क्षेत्र के जिसौरा-जिसौरी चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया। लेकिन बाइक सवार पुलिसकर्मियों को टक्कर मारते हुए भाग निकले। पुलिस टीम द्वारा बाइक सवार बदमाशों का पीछा कर घेराबंदी की गई। इस दौरान युवकों ने स्वयं को घिरता देख पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से फायरिंग की। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की जवाबी कार्रवाई में एक युवक के पैर में गोली लगी तथा तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
तीनों, थाना क्षेत्र के कुख्यात पशु चोर
पूछताछ में पता चला कि तीनों थाना क्षेत्र के कुख्यात पशु चोर हैं। थाना मुण्डाली पुलिस टीम ने हिस्ट्रीशीटर जितेन्द्र निवासी ग्राम जिसौरा थाना मुण्डाली को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। जिसके कब्जे से एक अवैध तमंचा बरामद हुए। इसके अतिरिक्त अभियुक्त तहसीन पुत्र शकील निवासी मोहल्ला बाजीगरान, डासना थाना मसूरी जनपद गाजियाबाद के कब्जे से 3,320 रुपये तथा अभियुक्त मारूफ निवासी ग्राम जिसौरा थाना मुण्डाली मेरठ के कब्जे से 2,500 रुपये एवं घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई।
क्षेत्र में पशु चोरी की घटना को देते थे अंजाम
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि लगभग एक सप्ताह पूर्व उन्होंने थाना मुण्डाली क्षेत्र से एक भैंसा चोरी कर 29 हजार में बेच दिया था तथा पुनः चोरी की घटना को अंजाम देने की योजना बनाकर घूम रहे थे। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर उन्होंने भागने का प्रयास किया तथा पकड़े जाने पर पुलिस पर फायरिंग की।



