उत्तराखंड

उत्तराखंड में ट्रैफिक व्यवस्था होगी पूरी तरह डिजिटल! अब मोबाइल ऐप से मिनटों में भर सकेंगे ई-चालान, साइबर ठगी पर भी लगेगी रोक

देहरादून: उत्तराखंड में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के लिए जल्द ही बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है। उत्तराखंड ट्रैफिक पुलिस अपनी आधिकारिक मोबाइल ऐप के जरिए ई-चालान का ऑनलाइन भुगतान करने की सुविधा शुरू करने की तैयारी में है। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को घर बैठे सुरक्षित, पारदर्शी और तेज़ तरीके से चालान जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराना है।

मोबाइल ऐप से मिनटों में होगा चालान का भुगतान

नई सुविधा लागू होने के बाद वाहन चालकों को चालान जमा करने के लिए बैंक, कार्यालय या अन्य माध्यमों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक मोबाइल ऐप पर लॉगिन करने के बाद वाहन संख्या या चालान संख्या दर्ज करते ही संबंधित ई-चालान की पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी। इसके बाद यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग जैसे डिजिटल माध्यमों से कुछ ही मिनटों में भुगतान किया जा सकेगा।

लंबित चालानों की जानकारी भी मिलेगी

मोबाइल ऐप केवल ई-चालान भुगतान तक सीमित नहीं होगी। वाहन मालिक अपने सभी लंबित और पहले से जमा किए गए चालानों का रिकॉर्ड भी ऐप पर देख सकेंगे। इससे किसी भी समय अपने वाहन से जुड़े चालानों की स्थिति की जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी।

डिजिटल भुगतान से बढ़ेगी पारदर्शिता

डिजिटल भुगतान प्रणाली लागू होने से ई-चालान के निस्तारण की प्रक्रिया तेज होगी और लंबित चालानों की संख्या में कमी आने की उम्मीद है। नकद लेनदेन समाप्त होने से पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी और भुगतान का डिजिटल रिकॉर्ड भी सुरक्षित रहेगा।

अभी केवल ई-पे लिंक के जरिए हो रहा है भुगतान

फिलहाल ऑनलाइन ई-चालान का भुगतान ई-पे सुविधा के माध्यम से किया जाता है। चालान में दिए गए लिंक के जरिए भुगतान करना होता है, लेकिन कई बार तकनीकी दिक्कतों के कारण भुगतान पूरा नहीं हो पाता। ऐसी स्थिति में लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। नई मोबाइल ऐप शुरू होने के बाद इस परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

फर्जी चालान के नाम पर साइबर ठगी पर भी लगेगी लगाम

ई-चालान के नाम पर साइबर अपराधी फर्जी लिंक भेजकर लोगों से ठगी की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। कई लोग ऐसे साइबर फ्रॉड का शिकार भी हो चुके हैं। अधिकारियों का मानना है कि आधिकारिक मोबाइल ऐप के जरिए भुगतान की सुविधा शुरू होने से फर्जी लिंक के जरिए होने वाली ठगी पर काफी हद तक रोक लगेगी और पूरी प्रक्रिया अधिक सुरक्षित बनेगी।

डिजिटल ट्रैफिक सेवाओं के विस्तार की तैयारी

उत्तराखंड ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन चालान भुगतान की प्रक्रिया को और आसान बनाया जा रहा है। इसके लिए पेटीएम, भारत पे और बिल डेस्क जैसे डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म के साथ बातचीत चल रही है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह सुविधा जल्द ही आम लोगों के लिए उपलब्ध करा दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button