
भीलवाड़ा : राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन लोगों की जान ले ली। नेशनल हाईवे-48 पर मांडल चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिसकर्मियों की बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो पुलिसकर्मियों और एक आरोपी की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। चित्तौड़गढ़ जीआरपी थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल लेखराज बागड़ी और कॉन्स्टेबल रविंद्र कुमार जाट बाइक चोरी के आरोपी छोटू भील को मांडल से भीलवाड़ा लेकर जा रहे थे। इसी दौरान मांडल चौराहे के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
मौके पर गई दो पुलिसकर्मियों की जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी छोटू भील गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। घायल आरोपी को गंभीर हालत में महात्मा गांधी हॉस्पिटल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
सरकारी वाहन नहीं मिलने पर बाइक से ले जा रहे थे आरोपी
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आरोपी को ले जाने के लिए उस समय विभाग के पास कोई बड़ी सरकारी गाड़ी उपलब्ध नहीं थी। इसी वजह से दोनों पुलिसकर्मी आरोपी को बाइक पर बैठाकर भीलवाड़ा ले जा रहे थे।
घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं हादसे ने पुलिस संसाधनों और परिवहन व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे-48 पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद यातायात को सुचारु कराया फिलहाल पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।



