
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: पलटे डंपर से टकराई बस में लगी भीषण आग, चालक की मौत, 15 यात्री घायल
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। मटसेना थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार यात्री बस पलटे हुए डंपर से जा टकराई, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई, जबकि करीब 15 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में बस का कंडक्टर भी शामिल है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 2 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि एक डंपर ट्रक पहले डिवाइडर से टकराकर एक्सप्रेसवे पर पलट गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही यात्री बस अनियंत्रित होकर डंपर से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत आग लग गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कानपुर से गुरुग्राम जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुई बस कानपुर से गुरुग्राम जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। आग पर भी कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया।
बस चालक शंभू की मौत
फिरोजाबाद के एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले बस चालक की पहचान कानपुर निवासी शंभू के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि बस कंडक्टर को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद कई घायलों को छुट्टी दे दी गई है।
10 घायलों को किया गया रेफर
शिकोहाबाद सरकारी अस्पताल के डॉक्टर पीयूष गंगवार के मुताबिक सभी घायलों को सुबह करीब 2:45 बजे अस्पताल लाया गया था। इनमें बस कंडक्टर समेत 10 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर करने की सलाह दी गई। वहीं 5 अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक्सप्रेसवे पर पलटे डंपर के चलते यह दुर्घटना हुई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



