
पटना: बिहार की राजधानी पटना में इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार तेजी से रफ्तार पकड़ रहा है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, ईंधन संकट और पर्यावरण को लेकर बढ़ती जागरूकता के बीच अब लोग तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुख कर रहे हैं। हालत यह है कि कई कंपनियों की इलेक्ट्रिक कारों और स्कूटरों पर लंबी वेटिंग चल रही है।
ऑटोमोबाइल कारोबारियों के मुताबिक राजधानी में हर दिन औसतन 40 से 50 इलेक्ट्रिक चारपहिया और 60 से 70 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बिक रहे हैं। बाजार में मांग इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि कई मॉडल्स के लिए 80 से 100 वाहनों तक की वेटिंग लिस्ट पहुंच चुकी है।
युवाओं और नौकरीपेशा लोगों की पहली पसंद बने EV
डीलरों का कहना है कि खासतौर पर युवा, नौकरीपेशा लोग और महिलाएं इलेक्ट्रिक वाहनों में ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं। कम खर्च, आसान ड्राइविंग और कम मेंटेनेंस लागत इसकी सबसे बड़ी वजह मानी जा रही है।
इसके अलावा केंद्र सरकार की प्रोत्साहन योजनाएं, आसान फाइनेंस सुविधा, एक्सचेंज ऑफर और मुफ्त चार्जिंग जैसी सुविधाओं ने भी ग्राहकों को आकर्षित किया है।
एक बार चार्ज में 600 किलोमीटर तक की रेंज
ऑटो सेक्टर से जुड़े कारोबारियों के मुताबिक बाजार में अब लंबी रेंज वाले इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग सबसे ज्यादा है। कई कंपनियों की कारें एक बार फुल चार्ज होने पर 400 से 600 किलोमीटर तक चल रही हैं।
लीडर महिंद्रा से जुड़े संदीप सरस ने बताया कि कंपनी की इलेक्ट्रिक कारों की कीमत 16 लाख से 32 लाख रुपये के बीच है। उन्होंने कहा कि कुछ मॉडल्स लगभग 600 किलोमीटर तक की रेंज दे रहे हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि हाई स्पीड चार्जर की मदद से वाहन 40 से 80 मिनट में पूरी तरह चार्ज हो जाते हैं। फिलहाल प्रतिदिन 10 से 15 ग्राहक गंभीरता से इलेक्ट्रिक कारों के बारे में जानकारी लेने पहुंच रहे हैं, जबकि कई बुकिंग पहले से लंबित हैं।
मारुति की इलेक्ट्रिक कारों को लेकर भी बढ़ा उत्साह
मारुति सुजुकी की इलेक्ट्रिक कारों को लेकर भी ग्राहकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। अलंकार मोटर्स के अशोक प्रियदर्शी के मुताबिक 61 किलोवाट बैटरी वाली कार लगभग 540 किलोमीटर तक का बैकअप दे रही है, जबकि 49 किलोवाट बैटरी वाली कार करीब 450 किलोमीटर तक चल रही है।
डीलरों का कहना है कि लोग अब इलेक्ट्रिक वाहनों को भविष्य का सबसे किफायती विकल्प मानने लगे हैं।
इलेक्ट्रिक स्कूटरों की बिक्री में भी बड़ा उछाल
सिर्फ कार ही नहीं, इलेक्ट्रिक स्कूटरों की बिक्री में भी भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। टीवीएस मोटर्स से जुड़े अमरजीत सिंह ने बताया कि पहले जहां दिनभर में मुश्किल से एक-दो इलेक्ट्रिक स्कूटर बिकते थे, वहीं अब रोजाना दर्जनों वाहन बिक रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पर्याप्त स्टॉक मिलने पर दो से तीन दिनों के भीतर सभी वाहन बिक जाते हैं। ग्राहकों को अब यह समझ आने लगा है कि इलेक्ट्रिक वाहन लंबे समय में जेब पर कम बोझ डालते हैं।
पटना में तेजी से फैल रहा EV बाजार
ऑटोमोबाइल कारोबारियों का मानना है कि आने वाले समय में पटना समेत पूरे बिहार में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग और तेजी से बढ़ सकती है। शहर में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर होने और नई तकनीक आने के बाद EV बाजार को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



