Weather news : पश्चिम यूपी में बढ़ेगा पारा, जाने आज मौसम का हाल
पश्चिम यूपी के जिलों में कुछ दिन पारा 40 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना
Today weather News : पश्चिम यूपी में बारिश और ठंडी हवा से मिली राहत अब खत्म हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में तापमान 6 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। पश्चिम यूपी के जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचेगा। पिछले कुछ दिनों से बारिश-आंधी के बीच तापमान में आई गिरावट से मौसम में ठंडक का दौर अब खत्म हो रहा है। धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी होगी और एक सप्ताह में 6 डिग्री तक तापमान बढ़ने की संभावना है। जिससे गर्मी अपना असर दिखाएगी। शनिवार को पश्चिम यूपी के जिलों में मौसम शुष्क रहा।
पश्चिम विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ते ही गर्म हवाएं फिर से सक्रिय
मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि पश्चिम विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ते ही गर्म हवाएं फिर से सक्रिय होगी। इसके चलते दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी और गर्मी का असर दोबारा से तेज महसूस किया जाएगा। आने वाले सप्ताह में तापमान 40 डिग्री के आसपास या इसके पार पहुंच सकता है। मालूम हो कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते जेठ माह में बारिश और तेज हवा ने मौसम को खुशगवार कर दिया था। लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। लेकिन एक बार फिर से तपिश भरे मौसम की वापसी हो रही है जिसकी वजह से गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा सकती है।
शनिवार से तापमान बढ़ना शुरू हुआ
वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्टर सूरज देव ने बताया कि शनिवार से तापमान बढ़ना शुरू हो गया है। आगे एक सप्ताह तक इसके धीरे-धीरे कर बढ़ोतरी के आसार हैं। गाजियाबाद और आसपास के जिलों में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अब एक बार फिर से तपिश भरे मौसम की वापसी हो रही है जिसकी वजह से गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा सकती है।



