WhatsApp यूजर्स सावधान! पुराने फोन में बंद हो सकता है ऐप, लॉग-इन भी नहीं कर पाएंगे; जानिए क्या है वजह

नई दिल्ली: WhatsApp पुराने Android और iOS डिवाइस के लिए बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अगर आप भी पुराने मॉडल के फोन में WhatsApp चला रहे हैं तो आने वाले समय में मैसेज भेजने और कॉल करने में परेशानी हो सकती है। सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम वाले डिवाइस में WhatsApp लॉग-इन को ब्लॉक किया जा सकता है। ऐसे में यूजर्स बिना ऑपरेटिंग सिस्टम अपडेट किए ऐप का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।
WhatsApp एक नए सुरक्षा फीचर पर काम कर रहा है, जिसके तहत पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम वाले डिवाइस में लॉग-इन करने की कोशिश करने पर यूजर्स को फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम अपडेट करने का संदेश दिखाई देगा। यानी WhatsApp चलाने के लिए डिवाइस को नए ऑपरेटिंग सिस्टम पर अपडेट करना जरूरी होगा।
बीटा यूजर्स के लिए शुरू हुआ फीचर
WhatsApp ने फिलहाल इस फीचर को बीटा यूजर्स के लिए जारी किया है। सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले समय में ऐप इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को अपने फोन को लेटेस्ट ऑपरेटिंग सिस्टम पर अपडेट करना पड़ सकता है। यह सुरक्षा फीचर Android और iOS डिवाइस के लिए जारी किया जा रहा है। फिलहाल इसे Android के 2.26.35.1 वर्जन में देखा गया है।
इस बदलाव का मकसद पुराने और असुरक्षित ऑपरेटिंग सिस्टम वाले डिवाइस पर WhatsApp के इस्तेमाल से जुड़े साइबर धोखाधड़ी के जोखिम को कम करना है। इन दिनों WhatsApp के कई नकली संस्करण वाले ऐप भी मौजूद हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम वाले डिवाइस पर लॉग-इन को सीमित किया जा सकता है।
बिना WhatsApp अकाउंट के भी ग्रुप कॉल में जुड़ सकेंगे
WhatsApp सिर्फ सुरक्षा से जुड़े बदलाव ही नहीं कर रहा है, बल्कि एक नए ‘गेस्ट कॉल’ फीचर पर भी काम कर रहा है। इस सुविधा के जरिए यूजर्स उन लोगों को भी ग्रुप कॉल में जोड़ सकेंगे, जिनके फोन में WhatsApp मौजूद नहीं है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मेटा के इंस्टैंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर इस फीचर की टेस्टिंग ‘गेस्ट कॉल’ नाम से की जा रही है। इसके तहत बिना WhatsApp अकाउंट के भी किसी ग्रुप कॉल में शामिल होने की सुविधा मिल सकती है। यूजर्स को ऐप इंस्टॉल किए बिना या वेब ब्राउजर के जरिए कॉल में जुड़ने का विकल्प दिया जा सकता है।



