राष्ट्रीय

हॉल नहीं मिला तो पार्क में बैठक करने पहुंचे अभिजीत दीपके, सोसायटी के लोगों ने जताया विरोध

नई दिल्ली: दिल्ली में ‘जंतर-मंतर सीजन-2’ की तैयारियों को लेकर बुलाई गई बैठक उस समय विवाद में घिर गई, जब सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके और उनकी टीम ने एक आवासीय सोसायटी के पार्क में बैठकर समर्थकों के साथ चर्चा शुरू कर दी। बैठक के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी होने पर सोसायटी के निवासी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने इसका विरोध किया। विवाद बढ़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और इसके बाद दीपके अपने सहयोगियों के साथ वहां से चले गए।

दीपके बोले- बैठक के लिए नहीं मिला हॉल

अभिजीत दीपके ने बताया कि वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के लिए दिल्ली में जगह तलाश रहे थे, लेकिन उन्हें कोई हॉल नहीं मिल सका। उनका आरोप है कि राजनीतिक दबाव के कारण उन्हें बैठक के लिए स्थान उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था।

दीपके ने यह भी दावा किया कि अग्रिम बुकिंग के बावजूद अंतिम समय में उनकी बुकिंग रद्द कर दी गई। उन्होंने आयोजकों को धमकियां मिलने का भी आरोप लगाया। इसके बाद टीम ने आवासीय सोसायटी के पार्क में बैठक करने का फैसला किया।

पार्क में नारेबाजी से भड़के सोसायटी के निवासी

पार्क में दीपके और उनके समर्थकों की बैठक शुरू होने के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए। नारेबाजी की जानकारी मिलने पर सोसायटी के कई निवासी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने राजनीतिक बैठक और नारेबाजी पर कड़ा ऐतराज जताया।

निवासियों का कहना था कि सोसायटी का पार्क आम तौर पर निवासियों के उपयोग के लिए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसे किसी भी तरह के धरने या राजनीतिक प्रदर्शन का स्थल नहीं बनने दिया जाएगा। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।

मामला बढ़ता देख पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस की मौजूदगी में अभिजीत दीपके और उनके सहयोगी पार्क से चले गए।

शिक्षा के मुद्दे पर ‘लिसनिंग टूर’ की तैयारी

इस बीच सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि संगठन जल्द ही लोगों की समस्याओं को समझने के लिए ‘लिसनिंग टूर’ शुरू करेगा। इसके तहत 15 अगस्त के मौके पर सरकारी स्कूलों की स्थिति और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं को लेकर सोशल ऑडिट करने की योजना है।

संगठन ने इस प्रक्रिया में आम नागरिकों और अभिभावकों से भी शामिल होने की अपील की है। इसके जरिए सरकारी स्कूलों से जुड़े मुद्दों और लोगों की समस्याओं को समझने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button