स्पोर्ट्स

सौरव गांगुली को परिवार समेत खत्म करने की धमकी, खत में पत्नी डोना का भी नाम; पुलिस ने शुरू की जांच

कोलकाता: पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना को जान से मारने की धमकी मिलने से परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। गांगुली परिवार की ओर से मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है। सोमवार को बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष के कार्यालय में एक नया धमकी भरा पत्र मिलने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

छह महीने से लगातार मिल रहे थे धमकी भरे पत्र

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, पिछले करीब छह महीनों से गांगुली के नाम पर लगातार ऐसे पत्र भेजे जा रहे थे। शुरुआत में परिवार ने इन्हें गंभीरता से नहीं लिया। माना गया कि संभवत: कुछ उत्साही प्रशंसकों की ओर से इस तरह के पत्र भेजे जा रहे हैं। हालांकि, लगातार पत्र मिलने और उनकी भाषा में बढ़ती आक्रामकता के बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क करने का फैसला किया।

बताया गया है कि सोमवार को गांगुली के कार्यालय में दो पत्र मिले। ये पत्र अंग्रेजी भाषा में लिखे गए थे। इनमें सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना को जान से मारने के साथ-साथ उनके करीबी लोगों को नुकसान पहुंचाने की सीधी धमकी दी गई थी। पत्र में पूरे परिवार को खत्म करने की बात भी कही गई है।

ठाकुरपुकुर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत

मामले में दक्षिण कोलकाता के ठाकुरपुकुर पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत गांगुली के प्रबंधक की ओर से दर्ज कराई गई। पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

राज्य सरकार के सुरक्षा विभाग को भी मामले की जानकारी दी गई है। परिवार की ओर से सुरक्षा को लेकर तत्काल आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया है।

पत्र भेजने वाले की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरे पत्र किसने भेजे और इसके पीछे क्या मकसद है। जांच अधिकारी पत्रों में लिखी सामग्री की जांच कर रहे हैं और उनके आधार पर भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

शुरुआती जांच में पुलिस को संकेत मिले हैं कि ये पत्र उत्तर 24 परगना जिले के बेलघरिया में रहने वाले एक व्यक्ति की ओर से कूरियर सेवा के माध्यम से भेजे गए हो सकते हैं। पुलिस इस सुराग के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

गांगुली फिलहाल क्रिकेट प्रशासन से जुड़े हैं

सौरव गांगुली भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में वह क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के अध्यक्ष हैं। उनके कार्यालय में लगातार धमकी भरे पत्र पहुंचने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

Related Articles

Back to top button