राज्यहरियाणा

हरियाणा में येलो अलर्ट जारी, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय.. आज से तीन दिन तक बारिश के आसार

हिसारः पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने व कम दबाव क्षेत्र की रेखा (मानसून टर्फ) के खिसककर प्रदेश में पहुंचने के कारण 12 से 14 जुलाई के बीच बारिश के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तरी जिलों में तेज हवा के साथ भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

गौर रहे कि प्रदेश में अब भी 9 जिले ऐसे हैं, जहां इस माह में सामान्य से कम बारिश हुई है। इनमें पानीपत में सामान्य से 92 प्रतिशत कम, करनाल में 83, रोहतक में 80, सोनीपत में 71, पंचकूला में 60, यमुनानगर में 50, कैथल में 48, अंबाला में 40 और जींद में 35 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से पंजाब पर कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। इस दौरान कम दबाव क्षेत्र की रेखा हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली पर पहुंचने की संभावना है। इसकी वजह से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में सुस्त पड़ा मानसून तेजी पकड़ेगा। इसके साथ ही 14 जुलाई तक हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली के उत्तरी और पूर्वी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। शेष हिस्सों में हल्की बारिश देखने को मिलेगी।

Related Articles

Back to top button