ब्रेकिंगराजनीति

अविनाश राय खन्ना को भाजपा ने बनाया जम्मू-कश्मीर का चुनाव प्रभारी

श्रीनगर : विधानसभा चुनाव को लेकर जम्मू-कश्मीर में सभी राजनीतिक दलों ने तैयारी शुरू कर दी है। ताजा घटनाक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना को जम्मू-कश्मीर में होने वाले विधानसभा चुनाव का प्रभारी बनाया है। 59 वर्षीय अविनाश राय खन्ना पंजाब के होशियारपुर लोकसभा क्षेत्र से संबंध रखते हैं और उन्होंने पार्टी के लिए कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। 

पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना राजस्थान चुनाव में भी प्रभारी बनाए गए थे। दरअसल भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने नई दिल्ली में हुई बैठक में राज्य इकाई के कोर ग्रुप को चुनाव की तैयारियों में जुट जाने के लिए कहा है। महाराष्ट्र और हरियाणा के साथ ही राज्य में चुनाव कराने के पार्टी के निर्णय की जानकारी दी गई। यह भी कहा कि अपने बलबूते पर जम्मू-कश्मीर में सरकार बनानी है और अपना मुख्यमंत्री बनाना है। न केवल जम्मू संभाग बल्कि कश्मीर में भी जीत दर्ज करानी है और लद्दाख से भी सीटें निकालनी हैं। बैठक में केंद्रीय नेतृत्व ने साफ संकेत दिया कि चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी जाएं। हाल ही में पार्टी ने अपनी नीतियों व सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरे देश में सदस्यता अभियान चलाया है। बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत किया जाए। पन्ना प्रमुखों की सक्रियता बढ़ाई जाए। बता दें कि इसी साल महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा के साथ जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा के चुनाव करवाए जा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button