ज्ञान भंडार

कल होगा तुला राशि में शुक्र का राशि परिवर्तन, कई राशियों को मिलेगा फायदा

शुक्र के योगदान के बगैर सृष्टि सृजन की परिकल्पना नहीं की जा सकती। अतः इनका उदय-अस्त और राशि परिवर्तन बड़ी घटना के रूप में देखा जाता है। जन्मकुंडली में शुक्र के बलाबल के आधार पर व्यक्ति का पारिवारिक जीवन, सामाजिक अस्तित्व और उसके आध्यात्मिक जीवन का विवेचन किया जाता है। शुक्र और बुध का तुला राशि में संयोग सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा आइए इसका ज्योतिषीय विश्लेषण करते हैं।

मेष राशि- राशि से सप्तम भाव में शुक्र का जाना बेहतरीन लाभ देगा। मांगलिक कार्यों का शुभ अवसर आएगा। शादी-विवाह संबंधी वार्ता सफल रहेगी। यदि आप व्यापार करते हैं तो आय में बढ़ोत्तरी होगी। महिला वर्ग के लिए यह और भी अच्छा साथ सिद्ध होगा।

वृषभ राशि- कार्यक्षेत्र की दृष्टि से तो ये युति शुभ है किंतु, विलासिता संबंधी वस्तुओं पर अधिक खर्च होगा। भागदौड़ अधिक करेंगे। प्रयास करें कि इस अवधि के कर्ज के लेन-देन और गुप्त शत्रुओं से बचें। कार्यक्षेत्र में अपनी वाणी को सोच समझकर प्रयोग करें।

मिथुन राशि- मिथुन राशि वालों के लिए शिक्षा-प्रतियोगिता में बेहतरीन सफलता, संतान की प्राप्ति अथवा प्रादुर्भाव के भी योग बन रहे हैं। वैवाहिक मामलों में सफलता मिलेगी। सरकार के संस्थानों में सर्विस हेतु आवेदन करना चाहें तो परिणाम सुखद रहेगा।

कर्क राशि- चतुर्थ भाव में शुक्र और बुध की युति मानसिक और पारिवारिक संबंधी चिंता से मुक्ति देगी। परिवार के बड़े बुजुर्गों से सहयोग मिलेगा, अपने स्वभाव में नम्रता बरकरार रखें, नए अनुबंध पर हस्ताक्षर करना हो तो विलंब ना करें। यह अवसर बेहतर है।

सिंह राशि- अपने पराक्रम का भरपूर उपयोग करें क्योकि सफलता की संभावना अधिक है। लाभ के एक से अधिक साधन बनेंगे। जो लोग आपको नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे थे अब वही लोग आपसे मित्रता बनाने के लिए प्रयासरत रहेंगे।

कन्या राशि- कन्या राशि वालों के लिए यह संयोग आर्थिक मजबूती प्रदान करेगा। किसी महंगी वस्तु का क्रय कर सकते हैं। स्वास्थ्य की दृष्टि से नेत्र विकार से बचें। जिद और आवेश पर नियंत्रण रखते हुए मधुरवाणी से कार्य हल करते जाएं। सफलता में वृद्धि होगी।

तुला राशि- आपके लिए शुक्र-बुध का मिलन किसी वरदान से कम नहीं है। किसी भी तरह की विलासिता संबंधी वस्तुओं का क्रय करेंगे। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी, यदि आप चुनाव भी लड़ना चाहें तो अवसर अच्छा है लाभ उठा सकते हैं। अपनी योजनाएं गोपनीय रखें।

वृश्चिक राशि- वृश्चिक राशि वालों के लिए ये युति अधिक खर्च कारक रहेगी। भागदौड़ पर भी अधिक खर्च होगा इसलिए स्वास्थ्य का ध्यान रखें। विदेश यात्रा देशाटन का योग, गुप्त शत्रुओं से बचें, कोर्ट कचहरी के मामले बाहर ही निपटा लें तो बेहतर रहेगा।

धनु राशि- धनु राशि वालों के लिए आय भाव में शुक्र का जाना लाभ की दृष्टि से बेहतरीन सिद्ध होगा। आय के एक से अधिक साधन बनेंगे। आर्थिक तंगी दूर होगी यदि आप किसी तरह का अनुबंध भी हासिल करना चाहें तो समय अनुकूल है।

मकर राशि- किसी समृद्धशाली व्यक्ति अथवा संस्थान से लाभ-सहयोग प्राप्त होगा। उच्चाधिकारियों से मधुर संबंध बनाए रखें व्यापारी वर्ग के लिए यह समय अनुकूल है। नौकरी में पदोन्नति और शादी विवाह संबंधी मामलों में सकारात्मक परिणाम आएगा।

कुंभ राशि- कुंभ राशि वालों के लिए भाग्य भाव में शुक्र और बुध की युति वरदान की तरह सिद्ध होगी। यद्यपि कई बार कार्य होते-होते रह जाएगा या ऐसा कह सकते हैं कि कुछ परेशानियों के बाद सफलता मिलेगी। विदेश जाना चाहें तो वीजा निवेदन करें।

मीन राशि- मीन राशि वालों के लिए अष्टम भाव में शुक्र और बुध का मिलन थोड़ा सा प्रतिकूल रहेगा। फिर भी आर्थिक पक्ष मजबूत होगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। षड्यंत्र का शिकार होने से बचें। कार्य-व्यापार के क्षेत्र से काम संपन्न करके घर आएं स्वयं को भयमुक्त रखें।

Related Articles

Back to top button