राष्ट्रीय

गुजरात तट पर दो मालवाहक जहाजों की भीषण टक्कर, 21 नाविकों को सुरक्षित निकाला गया; 3 क्रू सदस्य अब भी जहाज पर

कांडला: गुजरात में कांडला के बाहरी लंगरगाह के पास गहरे समुद्र में दो बड़े व्यापारिक मालवाहक जहाजों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया। इस दौरान एक जहाज पर सवार 24 चालक दल के सदस्यों में से 21 नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

तटरक्षक बल ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अभियान की जानकारी साझा की। हादसे के बाद समुद्र में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया गया।

‘एमवी केमैक्स एम्परर’ और ‘एमवी ट्रू मेरिनर’ की टक्कर

भारतीय तटरक्षक बल के मुताबिक, दुर्घटना कांडला के आउटर एंकरेज (OTB Kandla) के पास हुई। यहां ‘एमवी केमैक्स एम्परर’ (MV KMAX EMPEROR) और ‘एमवी ट्रू मेरिनर’ (MV TRUE MARINER) आपस में टकरा गए।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि जहाज पर मौजूद चालक दल के सदस्यों की जान खतरे में पड़ गई। सूचना मिलते ही तटरक्षक बल की विशेष टीमें बचाव नौकाओं के साथ मौके पर पहुंचीं। समुद्र में तेज लहरों के बीच अभियान चलाकर ‘एमवी केमैक्स एम्परर’ से 21 नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

तकनीकी संचालन के लिए 3 क्रू सदस्य जहाज पर मौजूद

21 नाविकों को सुरक्षित निकालने के बाद भी 3 चालक दल के सदस्य ‘एमवी केमैक्स एम्परर’ पर मौजूद हैं। तटरक्षक बल के अनुसार, ये सदस्य जहाज के जरूरी तकनीकी संचालन को जारी रखने और उसके बुनियादी सिस्टम को नियंत्रित रखने के लिए वहीं रुके हुए हैं।

समुद्री प्रदूषण रोकने के लिए उठाए गए कदम

हादसे के बाद समुद्र में तेल रिसाव या किसी अन्य पर्यावरणीय खतरे की आशंका को देखते हुए तटरक्षक बल ने व्यापक प्रदूषण नियंत्रण उपाय सक्रिय कर दिए हैं। इसको लेकर नौवहन महानिदेशालय, प्रमुख केंद्रीय एजेंसियों और राज्य प्रशासन के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।

भारतीय तटरक्षक बल गुजरात तट पर व्यापारिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और समुद्री पर्यावरण की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button