International News - अन्तर्राष्ट्रीय

जकार्ता हमला: आतंकी संगठन का पता लगाने में जुटा इंडोनेशिया

100497-jakartaजकार्ता : इंडोनेशिया गुरुवार को देश की राजधानी में हुए हमले को अंजाम देने वाले आतंकवादी संगठन का सुराग तलाशने में जुटा है। जकार्ता के पुलिस प्रमुख ने इसकी जानकारी दी।

जकार्ता में आतंकी हमले के लिए जिम्मेदार मानी जा रही इस्लाममिक स्टेट की एक संदिग्ध इकाई की जांच और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाए जाने के साथ ही यहां अलर्ट के तौर पर सेना के वाहन सुरक्षा में मुस्‍तैद दिखाई दिए। राजधानी के एक व्यस्त क्षेत्र में गुरुवार को हुए सिलसिलेवार विस्फोट और बाद में हमलावरों तथा पुलिस के बीच गोलीबारी में दो लोग और पांच हमलावर मारे गए थे। हमला ऐसी जगह हुआ जहां मॉल और विदेशी मिशन स्थित हैं।

वहीं, विश्व में सर्वाधिक मुस्लिम आबादी वाले देश इंडोनेशिया की पुलिस ने हमले के लिए इस्लामिक स्टेट को जिम्मेदार ठहराया है। राष्ट्रीय पुलिस प्रवक्ता अंतोन चारलियां ने कहा कि समूचे इंडोनेशिया में अलर्ट जारी किया गया है। राष्ट्रीय पुलिस उच्चतम अलर्ट पर है, खासकर उन स्थानों पर जिन्हें आतंकी संभावित निशाना बना सकते हैं जैसे पुलिस थाने, सरकारी कार्यालय, दूतावास। इसमें सेना की मदद ली गई है।

राष्ट्रीय पुलिस प्रवक्ता मेजर जनरल अंतोन चारलियां ने संवाददाताओं को बताया कि हमलावरों में से एक के घर में आईएस का काला झंडा पाया गया और पुलिस का मानना है कि उसने उनकी शिनाख्त कर ली है। उन्होंने कहा कि पांच हमलावरों में से दो को पहले दोषी ठहराया गया था और आतंकवाद के अपराध में उन्हें जेल हुई थी। यदि हमलावरों का आईएस से संपर्क साबित हो जाता है तो यह इंडानेशियाई सुरक्षाबलों के लिए एक बड़ी चुनौती होगा क्योंकि अब तक माना जाता था कि समूह के साथ केवल सहानुभूति रखने वाले लोग हैं और कोई भी सक्रिय इकाई इस तरह का हमला करने की योजना नहीं बना रही है। हाल के वर्षों में इंडोनेशिया के आतंकवाद रोधी बल एक अन्य चरमपंथी समूह जेमाह इस्लामिया का सफलतापूर्वक खात्मा कर चुके हैं। यह समूह 2002 में बाली में बारों में बम विस्फोटों सहित इंडोनेशिया में कई हमलों के लिए जिम्मेदार था। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Related Articles

Back to top button