उत्तर प्रदेशराज्य

पोस्टर में राहुल गांधी बने कृष्ण तो अखिलेश दिखे अर्जुन

विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की चर्चाओं के बीच राहुल गांधी और अखिलेश यादव का संयुक्त पोस्टर सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

poster-war_1484743473

लोहिया वाहिनी के पूर्व प्रदेश सचिव संदीप मिश्रा के एक पोस्ट की चर्चा वाराणसी में बुधवार को पूरे दिन होती रही। उन्होंने फेसबुक पर एक फोटो शेयर की जिस पर राहुल गांधी और अखिलेश यादव एक रथ पर सवार है। राहुल गांधी सारथी बने हैं तो अखिलेश यादव अर्जुन की भूमिका में हैं। अखिलेश यादव को चुनाव चिह्न साइकिल मिलने के बाद सपाई उत्साहित हैं। पूरे जिले में जहां एक ओर कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं तो वहीं पार्टी के रणनीतिकार चुनावी नैया पार कराने की जुगत में है।

सपा और कांग्रेस दोनों ने गठबंधन के स्पष्ट संकेत दे दिए हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी एवं सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एक मंच से सभाएं भी करेंगे। रालोद और जदयू के भी इस महागठबंधन में शामिल होने की चर्चाएं हैं।

सपा कार्यकर्ता इस गठबंधन से बेहद उत्साहित हैं। फेसबुक पर राहुल और अखिलेश की फोटो डालने वाले चेतगंज निवासी लोहिया वाहिनी के पूर्व प्रदेश सचिव संदीप मिश्रा का कहना है कि सपा और कांग्रेस के गठबंधन से निश्चित रूप से प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी। कार्यकर्ता अपने ढंग से प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं।

वहीं सूत्रों की मानें तो गठबंधन के बाद सपा जल्द ही नए उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है। जिले में सपा तीन से चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पांच सीटें वह कांग्रेस और अपना दल (कृष्णा) गुट को दे सकती है। 

Related Articles

Back to top button